TrendingUttar Pradesh

​AI की सुपरइंटेलिजेंस रेस से इंसानों को खतरा? Anthropic रिसर्चर ने क्यों दिया इतना बड़ा Alarm

​AI की सुपरइंटेलिजेंस रेस से इंसानों को खतरा? Anthropic रिसर्चर ने क्यों दिया इतना बड़ा Alarm

डिजिटल डेस्क लखनऊः आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लोगों की लाइफ का एक अहम हिस्सा बन चुना है। लोगों की बीच इस इस्तेमाल जितनी तेजी से बढ़ रहा है, उतनी ही तेजी से इसके नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। इसी बहस के बीच Anthropic के रिसर्चर जैकब कॉक्सन के इस्तीफे ने AI इंडस्ट्री की मौजूदा दिशा पर गंभीर चर्चा छेड़ दी है।

27 साल के कॉक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने रेजिग्नेशन की जानकारी देते हुए दावा किया कि दुनिया की प्रमुख AI कंपनियां ऐसे सिस्टम विकसित करने की दौड़ में लगी हुईं हैं, जो भविष्य में खुद को बेहतर बनाने वाली सुपरइंटेलिजेंस में बदल सकते हैं। उनका आरोप है कि इस रेस में कंपनियां AI की क्षमताएं तेजी से बढ़ा रही हैं, इसी वजह से वे इससे जुड़े सुरक्षा और नियंत्रण की गंभीरता को पूरी तरह से महत्व नहीं दे रहीं हैँ। 

कॉक्सन के मुताबिक, उन्होंने पिछले तीन सालों में OpenAI और Anthropic दोनों में प्रीट्रेनिंग रिसर्च पर काम किया है। उन्होंने दोनों कंपनियों के कामकाज को करीब से देखने के आधार पर AI की मौजूदा दिशा पर अपनी चिंता को जाहिर किया है।

इस्तीफा देते हुए क्या बोले जैकब कॉक्सन?

Anthropic से इस्तीफे का ऐलान करते हुए कॉक्सन ने X पर लिखा कि दोनों कंपनियां जिम्मेदारी से काम नहीं कर रही हैं। उनका दावा है कि कंपनियां सीधे ऐसी सुपरइंटेलिजेंस बनाने की दौड़ में हैं, जो खुद को बेहतर बनाने में सक्षम होगी और इस प्रक्रिया में इंसानों के जीवन के लिए काफी खतरा हो सकता है। 

कॉक्सन की चिंता सिर्फ AI के शक्तिशाली होने तक सीमित नहीं है। उनका मुख्य सवाल यह है कि अगर AI सिस्टम खुद को लगातार बेहतर बनाने की क्षमता हासिल कर लेते हैं, तो क्या इंसान भविष्य में उनकी क्षमताओं और व्यवहार को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करेंगी?

https://twitter.com/hilbertspaess/status/2097476196791709843?s=20

भविष्य का AI कितना शक्तिशाली?

कॉक्सन ने लोगों को चेतावनी दी है कि भविष्य के AI सिस्टम लोगों की मौजूदा कल्पना से कहीं ज्यादा सक्षम हो सकते हैं। उनके मुताबिक, पर्याप्त रूप से एडवांस सिस्टम कंप्यूटर नेटवर्क को हैक करने, अलगअलग क्षेत्रों में बेहद तेजी से बदलाव लाने और वास्तविक दुनिया में बड़ी मात्रा में ताकत और संसाधन हासिल करने में सक्षम हो सकता है।

उनका कहना है कि AI के एडवांसमेंट के संकेत कई क्षेत्रों में पहले से दिखाई दे रहे हैं और दिन पर दिन ये और भी ज्यादा पावरफुल और एडवांस होती जा रही है।

यही वजह है कि कॉक्सन AI की कैपाबिलिटी को बढ़ाने की मौजूदा कॉम्पिटिशन को लेकर ज्यादा चिंतित हैं। उनके अनुसार, समस्या केवल यह नहीं है कि AI क्या कर सकता है, बल्कि यह भी है कि एक बार उसकी क्षमकैपाबिलिटी बहुत ज्यादा बढ़ जाने के बाद उसे नियंत्रित करना कितना मुश्किल होगा यह भी है।

क्या AI इस दशक में इंसानों के लिए अस्तित्वगत खतरा बन सकता है?

कॉक्सन ने AI के संभावित खतरे को लेकर सख्त चेतावनी दी है। उनका दावा है कि AI विकसित करने वाले कुछ लोग यह मानते हैं कि इस दशक के खत्म होने तक AI ह्यूमैनिटी के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इस पर लगाम लगाना जरूरी है।

उन्होंने इस चिंता को केवल सार्वजनिक चर्चा या मार्केटिंग रणनीति का हिस्सा मानने से भी इनकार किया है।

कॉक्सन का कहना है कि AI इंडस्ट्री के कई वरिष्ठ रिसर्चर और अधिकारी सार्वजनिक मंचों पर जोखिमों को लेकर अपेक्षाकृत संतुलित भाषा इस्तेमाल करते हैं, जबकि निजी बातचीत में वही लोग संभावित विनाशकारी परिणामों को लेकर ज्यादा चिंता जाहिर करते हैं और लोगों को इससे अलर्ट रहने को भी कहते हैं।

हालांकि, यह कॉक्सन का दावा है और इसे AI इंडस्ट्री की सर्वसम्मत राय नहीं माना जा सकता।

Anthropic और OpenAI को लेकर क्या दावा किया?

कॉक्सन ने अपने अनुभव के आधार पर OpenAI और Anthropic के बीच अंतर भी बताया है।

उनका दावा है कि OpenAI में कई लोग AI के संभावित सभ्यतागत दांव को अभी पूरी तरह नहीं समझ पाए हैं। वहीं Anthropic के बारे में उनका कहना है कि वहां AI के जोखिमों को बेहतर तरीके से समझा जाता है।

लेकिन कॉक्सन का आरोप है कि जोखिमों की समझ होने के बावजूद Anthropic खुद को AI कंपनियों के बीच चल रही कॉम्पिटिशन से अलग नहीं कर पा रही है।

उनके अनुसार, कंपनी को यह चिंता हो सकती है कि यदि उसने अत्याधुनिक AI सिस्टम विकसित करने की रफ्तार कम की, तो कोई दूसरी संस्था पहले यह तकनीक विकसित कर सकती है और शायद वह सुरक्षा को पर्याप्त प्राथमिकता भी न दे।

यानी उनके मुताबिक AI इंडस्ट्री में एक तरह का “पहले कौन पहुंचेगा” वाला दबाव कंपनियों को लगातार अधिक शक्तिशाली मॉडल बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

AI की रेस में कॉक्सन को सबसे ज्यादा किस बात का डर?

कॉक्सन की आपत्तियों को पांच प्रमुख बिंदुओं में समझा जा सकता है:

Selfimproving AI का नियंत्रण मुश्किल होने का खतरा।
AI क्षमताओं को बढ़ाने की बेहद तेज रफ्तार।
OpenAI, Anthropic और दूसरी कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा।
सुरक्षा की तुलना में मॉडल की क्षमता बढ़ाने पर अधिक जोर।
पूरी मानवता को प्रभावित करने वाले फैसलों का सीमित संस्थागत दायरे में लिया जाना।

कॉक्सन का कहना है कि AI को कितनी तेजी से विकसित किया जाए, इसका फैसला केवल किसी निजी कंपनी के अंदरूनी मंच या Slack जैसे प्लेटफॉर्म पर नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसी तकनीक का असर पूरी मानवता पर पड़ सकता है।

उनका जोर ऐसे AI सिस्टम विकसित करने पर है जो मानवीय हित, निर्देश और सुरक्षा के अनुरूप काम करें।

क्या AI मॉडल की क्षमताएं बढ़ाने पर अस्थायी रोक जरूरी है?

कॉक्सन ने केवल खतरे की चेतावनी नहीं दी, बल्कि AI विकास की मौजूदा रफ्तार को रोकने की संभावना का भी समर्थन किया है।

उनका मानना है कि यदि दुनिया AI की वैश्विक रेस को रोकना चाहती है तो इसके लिए कुछ महंगे और असाधारण कदम उठाने पड़ सकते हैं। उन्होंने AI मॉडल की क्षमताओं को आगे बढ़ाने पर अस्थायी रोक की संभावना का समर्थन किया है।

हालांकि, कॉक्सन का यह भी मानना है कि AI कंपनियों के बीच समन्वय की संभावना अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने Hugging Face पर हुए हमले जैसी घटनाओं को चेतावनी के रूप में सामने रखा और संकेत दिया कि ऐसी घटनाएं अमेरिकी AI लैब्स को विकास की गति और सुरक्षा को लेकर किसी समझौते की दिशा में ले जा सकती हैं।

लेकिन उनके मुताबिक, फिलहाल दुनिया वैश्विक AI रेस को रोकने की दिशा में आगे बढ़ती हुई नहीं दिख रही।

AI रिसर्चर्स से कॉक्सन की खास अपील

इस्तीफे के साथ कॉक्सन ने AI लैब्स में काम करने वाले दूसरे रिसर्चर्स को भी अपने काम के भविष्य पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रिसर्चर्स आने वाले वर्षों में बिना यह पूरी तरह समझे कि सुपरइंटेलिजेंट सिस्टम किस तरह “सोचता” है, उस पर बेहद शक्तिशाली रीइंफोर्समेंट लर्निंग प्रक्रिया चलाना चाहेंगे।

उनका कहना है कि रिसर्चर्स को सिर्फ यह मानकर चुप नहीं रहना चाहिए कि AI का विकास इसी दिशा में होना तय है। इसके बजाय उन्हें ऐसी परिस्थितियों की मांग करनी चाहिए, जिनमें AI का विकास अधिक सुरक्षित तरीके से किया जा सके।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई कॉक्सन की चेतावनी

कॉक्सन की पोस्ट के बाद AI समुदाय और सोशल मीडिया पर अलगअलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने उनके द्वारा खतरे को सामने लाने की सराहना की, जबकि कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर वह मौजूदा व्यवस्था को गलत मानते हैं तो इसके विकल्प के रूप में क्या समाधान होना चाहिए।

एक अन्य प्रतिक्रिया में AI की तुलना ऐसे हथियार से की गई, जो खुद सोच सकता है। इससे यह स्पष्ट है कि कॉक्सन की पोस्ट ने AI सुरक्षा और सुपरइंटेलिजेंस को लेकर सार्वजनिक बहस को भी तेज किया है।

Anthropic CEO डारियो अमोदेई का AI रेगुलेशन पर क्या रुख है?

कॉक्सन की चिंताओं के बीच Anthropic के CEO डारियो अमोदेई का AI रेगुलेशन को लेकर अलग नजरिया भी सामने आता है।

16 अगस्त को अमोदेई ने उन दावों का विरोध किया था कि AI को रेगुलेट करने से इसकी ताकत कुछ बड़ी कंपनियों और सरकारों तक सीमित हो जाएगी।

उनका तर्क है कि अगर नियम सोचसमझकर बनाए जाएं तो वे बड़ी और अत्याधुनिक AI कंपनियों की शक्ति पर नियंत्रण रखने के साथसाथ छोटी कंपनियों को आगे बढ़ने का अवसर भी दे सकते हैं।

अमोदेई ने इसे ‘झूठा विकल्प’ क्यों कहा?

यह बहस निवेशक गेविन बेकर की उस दलील के बाद सामने आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि AI की शक्ति कुछ बड़ी कंपनियों तक सीमित रखने के बजाय इसे अधिक से अधिक लोगों और कंपनियों के लिए उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

अमोदेई ने इस सोच को “झूठा विकल्प” बताया। उनका कहना है कि AI की शक्ति को नियंत्रित करने और उसे सभी के लिए उपलब्ध कराने के बीच एक तीसरा रास्ता मौजूद है।

उनके मुताबिक, निष्पक्ष नियम और संस्थाएं बड़ी कंपनियों की शक्ति को नियंत्रित कर सकती हैं और साथ ही लोगों के अधिकारों की रक्षा भी कर सकती हैं।

AI पर असली बहस: रफ्तार या सुरक्षा?

जैकब कॉक्सन का इस्तीफा AI उद्योग की उस बुनियादी चुनौती को सामने लाता है, जिसमें एक तरफ तकनीकी प्रगति और आर्थिक अवसर हैं तो दूसरी तरफ सुरक्षा और नियंत्रण के सवाल।

अगर AI मॉडल तेजी से अधिक सक्षम होते हैं, तो उनसे चिकित्सा, विज्ञान, शिक्षा, कारोबार और रिसर्च में बड़े बदलाव की उम्मीद की जा सकती है। लेकिन दूसरी तरफ यह सवाल भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि इन सिस्टम की क्षमताओं की सीमा कौन तय करेगा और अगर AI इंसानी क्षमताओं से बहुत आगे निकल गया तो उसे नियंत्रित कौन करेगा?

कॉक्सन AI की मौजूदा रेस को बेहद जोखिम भरा मानते हैं और विकास की गति पर अस्थायी रोक या कंपनियों के बीच समन्वय की वकालत करते हैं। वहीं अमोदेई का जोर ऐसे रेगुलेशन पर है, जो बड़ी कंपनियों की शक्ति पर लगाम लगाने के साथ छोटी कंपनियों के लिए भी अवसर बनाए रखे।

इसलिए AI की सबसे बड़ी बहस अब सिर्फ यह नहीं रह गई है कि मशीनें कितनी शक्तिशाली बन सकती हैं। असली सवाल यह है कि उस शक्ति पर नियंत्रण किसके पास होगा, विकास की सीमा कौन तय करेगा और इंसानों की सुरक्षा की गारंटी कैसे दी जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply