TrendingUttar Pradesh

​लखनऊ में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, अगस्त में 64% अधिक बरसे बादल; नेपाल सीमा वाले जिलों के लिए अलर्ट

​लखनऊ में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, अगस्त में 64% अधिक बरसे बादल; नेपाल सीमा वाले जिलों के लिए अलर्ट

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ में 1 जून से 7 सितंबर तक मानसून के दौरान सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। 562.9 मिलीमीटर सामान्य के मुकाबले अभी तक 626 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी किये गए बारिश के आंकड़ों के अनुसार मानसून की शुरुआत बहुत धीमी होने के बाद 1 जून से 31 जुलाई के दौरान लखनऊ में सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। 

अगस्त में मानसून ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि लगातार झमाझम बारिश से राजधानी में कई जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। अगस्त माह में ही लखनऊ में सामान्य से 64 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। 200 मिलीमीटर सामान्य के मुकाबले 330.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गयी। जिससे जून और जुलाई के बीच कम बारिश की कमी अकेले अगस्त में पूरी हो गयी। इसके साथ ही जनता को गर्मी से भी राहत मिली।

IMD ने जारी किया अलर्ट 

यूपी में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ने के आसार हैं। क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, इन जिलों मे भारी बारिश  

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले 24 घंटे में नेपाल से सटे जिलों में कहींकहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से के कुछ जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि मानसूनी गतिविधियों में थोड़ी कमी के बाद अगले तीन दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहींकहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। 

नेपाल सीमा से सटे जिलों में बारिश 

मौसम विभाग ने बहराइच, बलरामपुर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती तथा आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं आगरा, अमरोहा, बरेली, बाराबंकी, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, मेरठ, पीलीभीत, शाहजहांपुर और सीतापुर समेत करीब 30 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के लिहाज से रविवार को बरेली में स्थिति सबसे अधिक प्रभावी रही। वहां सुबह साढ़े आठ बजे से रात साढ़े आठ बजे तक 12 घंटे में 141.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में बिजनौर में 134 मिलीमीटर, मुरादाबाद सीडब्ल्यूसी में 114.2 मिलीमीटर, अमरोहा के सादात में 88 मिलीमीटर और हमीरपुर के राठ में 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। 

सोमवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 30 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगस्त में सामान्य से अधिक बारिश के बावजूद प्रदेश के 24 जिलों में अब भी बारिश की कमी या बड़ी कमी बनी हुई है। 34 जिलों में सामान्य बारिश हुई है, जबकि 17 जिलों में अधिक या अत्यधिक अधिक बारिश दर्ज की गई है। 

नेपाल में हुई भारी बारिश और वहां से छोड़े गए पानी के कारण बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। रविवार सुबह एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी खतरे के निशान से 29 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। जलस्तर बढ़ने से महसी तहसील के नदी किनारे बसे कई गांव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। 

ये भी पढ़ें : 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply