झालावाड़ के सुनेल क्षेत्र के सामिया गांव में स्कूल से घर लौट रही कक्षा 6 की तीन छात्राओं के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है. आरोप है कि कबाड़ बेचने के बहाने ऑटो से पहुंचे दो लोगों ने छात्राओं को ले जाने की कोशिश की. छात्राओं के शोर मचाने पर वे भाग निकलीं. ग्रामीणों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. सूचना पर हिंदू संगठनों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की.

झालावाड़ जिले के सुनेल थाना क्षेत्र के सामिया गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ स्कूल से घर लौट रही कक्षा 6 की तीन छात्राओं के अपहरण का असफल प्रयास किया गया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. सतर्क छात्राओं की सूझबूझ के कारण दोनों आरोपी तुरंत पकड़ लिए गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
मिली जानकारी के अनुसार, सुनेल क्षेत्र के सामिया गांव में स्थित सरकारी स्कूल की छुट्टी होने के बाद कक्षा 6 में पढ़ने वाली तीन छात्राएं पैदल अपने घर लौट रही थीं. रास्ते में एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर दो आरोपी वहां पहुंचे. आरोपियों ने छात्राओं को बातों में उलझाने और पकड़ने के लिए ‘कबाड़ा बेचने’ का बहाना बनाया. जैसे ही छात्राओं ने उनकी हरकतें भांपी और बचने की कोशिश की, आरोपियों ने जबरन उन्हें ऑटो में खींचकर अपहरण करने का प्रयास किया.
छात्राओं की सूझबूझ और ग्रामीणों की बहादुरी
मुसीबत के इस वक्त में मासूम छात्राओं ने घबराने के बजाय अक्लमंदी का परिचय दिया. आरोपियों के चंगुल में फंसने के बावजूद तीनों छात्राओं ने एक साथ जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया. उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े. हालात भांपकर आरोपी ऑटो लेकर भागने लगे, लेकिन सतर्क ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों आरोपियों को धर दबोचा. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया.



