
लालगंज/रायबरेली, अमृत विचार। जिस घर में कुछ महीने बाद शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहरामपुर गांव में 10 दिन से लापता 25 वर्षीय दिव्या का शव गुरुवार को लोन नदी में एक पेड़ में फंसा मिला। नदी में शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बहरामपुर निवासी कल्लू की बेटी दिव्या 31 अगस्त से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद लालगंज कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस भी युवती की तलाश में जुटी थी। लेकिन 10 दिन बाद नदी से उसका शव मिलने से मामला गंभीर हो गया है।
लोन नदी से शव को निकालते लोग।
पानी घटा तो नदी के बीच पेड़ में दिखा शव
बताया जा रहा है कि लोन नदी का पानी कम होने के बाद ग्रामीणों की नजर नदी के बीच बेर के पेड़ में फंसे शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। शव की शिनाख्त कराई गई तो उसकी पहचान लापता दिव्या के रूप में हुई। युवती का शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया।
नवंबर में होनी थी शादी, खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के मुताबिक दिव्या का विवाह आगामी नवंबर में तय था। घर में शादी की तैयारियों को लेकर परिवार उत्साहित था और कुछ ही महीनों बाद शहनाई गूंजने वाली थी। लेकिन शादी से पहले दिव्या की मौत की खबर ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
नदी तक कैसे पहुंची दिव्या? कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
दिव्या की मौत को लेकर गांव में तरहतरह की चर्चाएं हैं। वह नदी तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हादसा है, आत्महत्या है या मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
प्रभारी निरीक्षक लालगंज प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



