
प्रखंड के दुबहल पंचायत स्थित कुईबार गांव में पिता की हत्या कर शव जलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मृतक के पुत्र सहित पांच आरोपितों को घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताते चलें के हत्या मामले में मृतक की पत्नी फूल कुमारी ने थाने में आवेदन देकर पुत्र सहित मृतक के भाई सहित पांच लोगों को मुख्य आरोपित किया था।
प्रभारी थानाध्यक्ष मो. नौशाद खान ने बताया कि 70 वर्षीय मृतक रामदास रजक की हत्या के आरोप में उनके पुत्र राजकुमार रजक, भाई टेकन रजक, सहदेव रजक, गुरु रजक और पुत्रवधू प्रमिला देवी को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपितों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने बताया कि उसके पिता ओझा-गुनी का काम करते थे। आरोप है कि पिता ने ओझा-गुनी कर उसकी पत्नी को छत से गिरा दिया था, जिससे उसकी कमर टूट गई थी। साथ ही उसका आरोप है कि पिता के जादू-टोने के कारण उसे सिर्फ पुत्रियां हो रही थीं, पुत्र नहीं हो रहा था।
इसी गुस्से में मंगलवार की रात उसने लोहे की राड से पिता का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर ही रामदास की मौत हो गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए मृतक के भाइयों और पुत्रवधू ने मिलकर शव को जला दिया।
घटना के बाद से पुलिस शव की तलाश में जुटी थी और अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर रही थी। गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर सभी पांचों आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपितों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



