IndiaUttar Pradesh

​‘पति किन्नर के साथ फरार, मुझे दिया तीन तलाक’… 3 बच्चों की मां ने SSP से लगाई गुहार

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला ने कहा कि पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया. अब वह एक किन्नर के साथ फरार है. महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ इंसाफ के लिए SSP से शिकायत की. महिला ने कहा कि, मैं अपने पति के खिलाफ शिकायत करने आई हूं. वह एक किन्नर के साथ चला गया है. मुझे तीन तलाक देकर तीन बच्चों के साथ छोड़ दिया. करीब चार महीने से उसका कोई फोन या मैसेज नहीं आया. उसने बच्चों के बारे में भी नहीं पूछा.

​‘पति किन्नर के साथ फरार, मुझे दिया तीन तलाक’… 3 बच्चों की मां ने SSP से लगाई गुहार

6 साल पहले हुई थी शादी

पीड़ित महिला नाजिया के मुताबिक, वह शामली की रहने वाली है. करीब 6 साल पहले उसकी शादी मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आर्यपुरी निवासी इस्तिखार बेग के साथ मुस्लिम रीतिरिवाज से हुई थी. महिला का कहना है कि शादी के समय उसके मायके वालों ने अपनी क्षमता के मुताबिक सामान और दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे.

महिला के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. नाजिया के तीन बच्चे हैं. पति के घर से निकालने के बाद वह बच्चों को लेकर अपने मायके पक्ष के रिश्तेदार के यहां रह रही है.

किन्नर से पति के संबंध का लगाया आरोप

नाजिया ने आरोप लगाया कि उसके पति के शादी से पहले से ही जोया नाम की एक किन्नर से संबंध थे. महिला का दावा है कि उसके पास पति और किन्नर के साथ होने के कुछ वीडियो भी मौजूद हैं. महिला के मुताबिक, उसका पति कई बार जोया को घर भी लेकर आया था. इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. महिला का कहना है कि पति अब उसी किन्नर के साथ घर छोड़कर चला गया है. करीब चार महीने से उसका कोई पता नहीं है.

दुपट्टे से गला घोंटने का भी आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में 2 जून की घटना का भी जिक्र किया है. उसका आरोप है कि उस दिन पति, नन्दोई और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की. इसी दौरान दुपट्टे से उसका गला घोंटने की कोशिश की गई, जिससे वह बेहोश हो गई. होश में आने के बाद उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी. मीमलाना रोड निवासी उसके मामा ससुराल पहुंचे और परिवार के लोगों से बातचीत की.

मामा के सामने दिया तीन तलाक

नाजिया के मुताबिक, बातचीत के दौरान उसके पति इस्तिखार बेग ने उसके मामा और परिवार के अन्य लोगों के सामने उसे तीन बार तलाक कहकर रिश्ता खत्म करने की बात कही. फिर उसे घर से निकल जाने के लिए कह दिया गया. महिला का आरोप है कि इसके बाद पति घर पर ताला लगाकर चला गया. पिछले करीब चार महीने से न तो वह उससे संपर्क कर रहा है और न ही बच्चों का हाल पूछ रहा है.

एसएसपी से कार्रवाई की मांग

पीड़िता अब अपने तीन बच्चों के साथ इंसाफ की मांग को लेकर मुजफ्फरनगर एसएसपी कार्यालय पहुंची. उसने एसएसपी के नाम प्रार्थना पत्र देकर पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. महिला ने कहा कि पति के घर छोड़कर चले जाने के बाद वह बच्चों को लेकर परेशान है. काफी समय से अपने मामा के घर रह रही है. उसका कहना है कि वह अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई चाहती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply