बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया में देर रात आपसी विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस झड़प में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस घटना के संबंध में तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

पुलिस का कहना कि थाना उभांव अंतर्गत ग्राम सोनाडीह में एक सूचना प्राप्त हुई कि दो सगे भाइयों को गांव के ही उसके पटीदार ने अपने परिवार के साथ मिलकर चाकू घोंप दिया। इसमें दोनों भाई घायल हो गए थे, उनको तत्काल सीएससी उभांव लाया गया। जहां से बेहतर उपचार के लिए इनको जनपद मऊ के लिए रेफर किया गया।
इलाज के दौरान एक भाई की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी भेजा गया। मृतक की पहचान अमरेश के रूप में हुई है, जबकि घायल का नाम मंजेश सिंह है।
प्रारंभिक जानकारी सामने आई है कि दोनों घायल भाइयों का पटीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गालीगलौज कर रहा था। मंजेश और अमरेश सिंह ने उसको समझाने का प्रयास किया। इसी बीच रामकरण सिंह व उसके परिवार के सदस्यों ने दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया। बलिया के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि अमरेश और उसके भाई मंजेश सिंह को गांव के ही उसके पटीदार रामकरण सिंह, उसके पिता गिरीश सिंह, भाई सूरज सिंह,बहन व उसकी माता ने मिलकर चाकू मारा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक अमरेश की बेटी से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। साथ ही साथ, नामजद 5 अभियुक्तों में से घटना में संलिप्त 3 लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। अन्य 2 अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें लगाई गई हैं। शीघ्र ही इनको गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।



