TrendingUttar Pradesh

​‘हनुमान अंश’ के बाद अब संत प्रेमानंद महाराज पर फिल्म! ‘राधा अंश’ का ऐलान, विराट-अनुष्का के नाम ने बढ़ाई हलचल

​‘हनुमान अंश’ के बाद अब संत प्रेमानंद महाराज पर फिल्म! ‘राधा अंश’ का ऐलान, विराट-अनुष्का के नाम ने बढ़ाई हलचल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ: ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद अब एक और संत की आध्यात्मिक यात्रा को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी शुरू हो गई है। वैष्णव किन्नर अखाड़े की जगद्गुरु शंकराचार्य हिमांगी सखी ने संत प्रेमानंद महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘राधा अंश’ बनाने का ऐलान कर दिया गया है। फिल्म की घोषणा के साथ ही इसकी कहानी और संभावित कास्ट को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हालांकि, फिल्म को लेकर सबसे अहम बात यह है कि अभी तक संत प्रेमानंद महाराज या उनके शिष्यों की ओर से कोई आधिकारिक मंजूरी नहीं मिली है। हिमांगी सखी के मुताबिक, वह जल्द ही संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर फिल्म के लिए अनुमति मांगेंगी।

‘हनुमान अंश’ से मिली फिल्म बनाने की प्रेरणा

हिमांगी सखी धार्मिक यात्रा के सिलसिले में वृंदावन पहुंचीं। इस बीच बातचीत में उन्होंने बताया कि बाबा नीम करोली महाराज के जीवन और हनुमान भक्ति पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ से उन्हें इस प्रोजेक्ट के लिए प्रेरणा मिली।

उनका कहना है कि वह बचपन से ब्रज से जुड़ी रही हैं और राधा रानी में उनकी गहरी आस्था है। इसी आध्यात्मिक जुड़ाव के चलते उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को फिल्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का फैसला किया है।

प्रोडक्शन टीम तैयार, अब संत की मंजूरी का इंतजार

हिमांगी सखी के अनुसार, उन्होंने फिल्म को लेकर प्रोडक्शन टीम से बातचीत की है और टीम इस प्रोजेक्ट को बनाने के लिए सहमत है। हालांकि फिल्म को आगे बढ़ाने के लिए संत प्रेमानंद महाराज और उनके सहयोगियों की मंजूरी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि वह जल्द ही उनसे मिलकर फिल्म बनाने की अनुमति लेने की कोशिश करेंगी। मंजूरी मिलने के बाद प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू होने की उम्मीद है।

मंजूरी मिलते ही आ सकता है फिल्म का प्रोमो

हिमांगी सखी ने कहा कि ब्रज से उनका पुराना और गहरा जुड़ाव है। उनका बचपन ब्रज की गलियों में बीता है और वह खुद को राधाभाव से जुड़ा हुआ मानती हैं। ऐसे में संत प्रेमानंद महाराज के जीवन पर फिल्म बनाना उनके लिए महज एक फिल्म प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जुड़ाव का विषय भी है।

उन्होंने संकेत दिया कि मंजूरी मिलते ही फिल्म का प्रोमो जल्द तैयार किया जा सकता है। यानी अनुमति मिलते ही ‘राधा अंश’ का प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ सकता है।

कास्टिंग को लेकर भी शुरू हुई चर्चा

फिल्म की कास्टिंग को लेकर भी अभी से उत्सुकता पैदा हो गई है। हिमांगी सखी के मुताबिक, कलाकारों के चयन में संत प्रेमानंद महाराज के सहयोगियों की सिफारिश को प्राथमिकता देने की कोशिश की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि वह विराट कोहली और अनुष्का शर्मा से फिल्म में मदद के लिए सहयोग मांगेंगी।

क्या विराटअनुष्का फिल्म में नजर आएंगे?

यहीं से फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा शुरू हुई है। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के संत प्रेमानंद महाराज के प्रति श्रद्धा रखने और वृंदावन जाकर उनका आशीर्वाद लेने की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में ‘राधा अंश’ की घोषणा के बाद दोनों के फिल्म से जुड़ने को लेकर सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में कयास लगाए जा रहे हैं।

लेकिन फिलहाल विराट कोहली या अनुष्का शर्मा के फिल्म में अभिनय करने या आधिकारिक तौर पर प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए दोनों के नामों को अभी केवल चर्चा और अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।

‘राधा अंश’ को लेकर फिलहाल सबसे बड़ा अगला पड़ाव संत प्रेमानंद महाराज की मंजूरी है। अगर अनुमति मिलती है तो फिल्म की कास्टिंग, प्रोमो और बाकी तैयारियों पर तस्वीर और साफ हो सकती है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply