
लखनऊ। राजधानी में गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। झूलेलाल घाट पर इस बार भक्तों को न्यू जर्सी, अमेरिका के स्वामीनारायण मंदिर की थीम पर तैयार हो रहे पंडाल में मनौतियों के राजा गजानन के दर्शन होंगे। 14 से 25 सितंबर तक चलने वाले इस उत्सव में पूजाअर्चना के साथ भजन संध्या, नृत्य नाटिका और बाहर से आने वाले कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
गणेश प्राकट्य कमेटी के संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि पंडाल को भव्य रूप देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। महिलाओं और पुरुषों के बैठने के लिए अलगअलग व्यवस्था होगी। पूरा पंडाल वाटरप्रूफ और वातानुकूलित रहेगा।
बप्पा को चिट्ठी लिखकर मांग सकेंगे मनौती
इस गणेश उत्सव में श्रद्धालुओं के लिए मनौतियों के राजा को चिट्ठी लिखने की परंपरा भी जारी रहेगी। अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल के मुताबिक भक्त रोज सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बप्पा के नाम अपनी मनौती की चिट्ठी लिख सकेंगे।
बच्चों के लिए भी उत्सव में खास इंतजाम किए जा रहे हैं। पार्षद रंजीत सिंह ने बताया कि इस बार नए झूले लगाए जाएंगे। परिसर में फास्ट फूड, आइसक्रीम और चाट के स्टॉल भी होंगे, यानी दर्शन के साथ परिवार के लिए मनोरंजन और खानपान की भी व्यवस्था रहेगी।
सुबह 9 से रात 11 बजे तक दर्शन
श्रद्धालु सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक मनौतियों के राजा के दर्शन कर सकेंगे। बप्पा की आरती सुबह 9 बजे और शाम 6 बजे होगी।
उत्सव में रोजाना भजन संध्या और नृत्य नाटिका का आयोजन भी किया जाएगा। योगेश बंसल ने बताया कि कार्यक्रम कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक संजय शर्मा के संगीत निर्देशन में होंगे। इस बार दूसरे राज्यों से आने वाले कलाकार भी बप्पा के दरबार में भजनों की प्रस्तुति देंगे।
इन कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी खास
- 16 सितंबर — कोलकाता के विकास कपूर
- 18 सितंबर — झारखंड के आकाश परिचय
- 20 सितंबर — ‘विनर वॉइस ऑफ इंडिया’ के सुमित सैनी
- 22 सितंबर — महुआ टीवी के आलोक कुमार
निशातगंज में स्वर्ण कलश पंडाल रहेगा मुख्य आकर्षण
पेपर मिल कॉलोनी, निशातगंज स्थित अक्षय वर माल पार्क में भी 14 सितंबर से लखनऊ के महाराजा गणेश उत्सव की शुरुआत होगी। 14 से 23 सितंबर तक चलने वाला यह 16वां गणेश उत्सव भक्ति, संस्कृति, कला और श्रद्धा के रंग में सजेगा।
इस बार उत्सव का प्रमुख आकर्षण स्वर्ण कलश पंडाल होगा। आयोजकों के मुताबिक यह अपनी तरह का अनोखा पंडाल होगा, जिसे सुनहरे फॉयल से तैयार किया जा रहा है।
भजन से डांडिया तक, रोज अलग रंग
उत्सव में श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए कई तरह के कार्यक्रम होंगे। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य प्रतियोगिता, भजन संध्या, डांडिया समारोह और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां शामिल हैं। इसके अलावा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस तरह गणेश उत्सव के दौरान लखनऊ में दो प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं को भक्ति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा।
ः



