भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने काउंटी क्रिकेट में अपनी फिरकी का ऐसा जादू दिखाया है, जिसने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है। यॉर्कशायर की ओर से खेलते हुए कुलदीप ने एसेक्स के खिलाफ मुकाबले में कुल 10 विकेट झटककर शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस घातक गेंदबाजी के बाद माना जा रहा है कि उन्होंने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और चयनकर्ताओं को अपनी वापसी का मजबूत संदेश दे दिया है।

काउंटी क्रिकेट में Kuldeep Yadav का 10 विकेट वाला धमाका
कुलदीप यादव के लिए यह मुकाबला बेहद खास रहा। उन्होंने मैच की पहली पारी में 4 विकेट हासिल किए, जबकि दूसरी पारी में 6 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। इस तरह कुलदीप ने पूरे मुकाबले में 10 विकेट अपने नाम किए। कुलदीप यादव की गेंदों के सामने एसेक्स के बल्लेबाज लगातार परेशानी में दिखाई दिए। उनकी कलाई से निकलने वाली गेंदों ने बल्लेबाजों को खूब चौंकाया। खास बात यह रही कि कुलदीप ने सिर्फ विकेट ही नहीं निकाले, बल्कि अपनी गेंदबाजी से मैच पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा।
एक गेंद ने लूटी सबसे ज्यादा महफिल
इस मुकाबले में कुलदीप यादव की एक गेंद ने सोशल मीडिया पर भी खूब ध्यान खींचा। गेंद पिच पर पड़ने के बाद इतनी तेजी से टर्न हुई कि बल्लेबाज के पास उसे खेलने का कोई मौका नहीं बचा और वह क्लीन बोल्ड हो गया। कुलदीप की इस गेंद को देखकर फैंस उनकी तुलना दुनिया की बेहतरीन स्पिन गेंदों से करने लगे। काउंटी क्रिकेट में इस तरह का प्रदर्शन कुलदीप के आत्मविश्वास के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है।
गौतम गंभीर को मिला टीम इंडिया में वापसी का संदेश
कुलदीप यादव का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है जब भारतीय टेस्ट टीम में स्पिन गेंदबाजों को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। ऐसे में 10 विकेट का यह प्रदर्शन कुलदीप यादव के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया के लिए कुलदीप एक अलग तरह का स्पिन विकल्प साबित हो सकते हैं।
खासकर विदेशी परिस्थितियों में भी अपनी गेंदबाजी से प्रभाव डालने की क्षमता उन्हें बाकी गेंदबाजों से अलग बनाती है। अब कुलदीप यादव की नजरें टीम इंडिया में अपनी जगह मजबूत करने पर होंगी। काउंटी क्रिकेट में 10 विकेट लेकर उन्होंने साफ कर दिया है कि वह बड़े मंच पर वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।



