
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में मेडिकल एजुकेशन के विस्तार के साथ अब चिकित्सा संस्थानों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर योगी सरकार का जोर है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में 1,606.83 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाएं शिलान्यास और लोकार्पण के लिए तैयार हैं। इनमें 1,400.70 करोड़ की 44 परियोजनाएं शिलान्यास तथा 206.13 करोड़ की 21 परियोजनाएं लोकार्पण के लिए तैयार हैं।
इन परियोजनाओं में बड़े अस्पताल भवनों के साथ ट्रॉमा सेंटर, मातृशिशु स्वास्थ्य केंद्र, संक्रामक रोग अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, छात्रावास, लेक्चर थिएटर, परीक्षा भवन, जलापूर्ति, सीवरेज और अन्य कैंपस सुविधाएं शामिल हैं। इससे मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी के अनुरूप विद्यार्थियों के लिए अकादमिक और आवासीय सुविधाओं के विस्तार के साथ मरीजों के इलाज की क्षमता भी बढ़ेगी।
लोकार्पण के लिए तैयार परियोजनाओं में लोहिया संस्थान में किडनी, लिवर और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन यूनिट भी शामिल है, जिसकी लागत करीब 18.22 करोड़ रुपये है। कानपुर, मेरठ और गोरखपुर मेडिकल कॉलेजों में छात्रावास, परीक्षा भवन, लेक्चर थिएटर और अन्य सुविधाएं भी तैयार हैं। इस तरह प्रस्तावित और तैयार परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा, उपचार और उससे जुड़े आधारभूत ढांचे को एक साथ मजबूत करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।
लखनऊ में 855 करोड़ से 1,010 बेड का अस्पताल
प्रस्तावित परियोजनाओं में सबसे बड़ी योजना लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की है। गोमतीनगर विस्तार स्थित नए परिसर में बेसमेंट के ऊपर 1,010 शैय्या के अस्पताल भवन का निर्माण करीब 855.04 करोड़ रुपये से प्रस्तावित है। कानपुर मेडिकल कॉलेज में करीब 49.40 करोड़ से संक्रामक रोग चिकित्सालय बनाने की योजना है, जबकि गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में 43.68 करोड़ से बहुमंजिला आधुनिक रोगी सहायक कैंटीन प्रस्तावित है। मेरठ मेडिकल कॉलेज में मौजूदा लेवल2 ट्रॉमा सेंटर को करीब 48.15 करोड़ रुपये से 100 बेड के लेवल1 ट्रॉमा सेंटर में विकसित किया जाएगा। बाल रोग विभाग में करीब 34.82 करोड़ से एमसीएच सेंटर भी प्रस्तावित है। इसके साथ छात्रावास, सीवरेज, जलापूर्ति, एसटीपी और बिजली संबंधी सुविधाओं का विस्तार होगा।
मेडिकल सीटों के साथ हॉस्टल और नर्सिंग सुविधाएं
झांसी मेडिकल कॉलेज में बढ़ी एमबीबीएस सीटों के अनुरूप लेक्चर थिएटर, वातानुकूलित पुस्तकालय, कॉन्फ्रेंस हॉल, कैफेटेरिया और परीक्षा हॉल के लिए करीब 28.44 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। 272 बेड के यूजी बालिका छात्रावास पर करीब 26.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एटा, कुशीनगर और अयोध्या में भी छात्रावासों का विस्तार प्रस्तावित है। गोंडा मेडिकल कॉलेज में करीब 9.93 करोड़ से नर्सिंग कॉलेज की स्थापना होगी। बहराइच, अयोध्या और हरदोई में नर्सिंग कॉलेजों की परियोजनाएं लोकार्पण के लिए तैयार हैं। सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में 60 सीट के बीएससी नर्सिंग कॉलेज और ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कॉलेज ऑफ नर्सिंग भी सूची में शामिल हैं।
ः



