
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में शनिवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, अंतरिक्ष, कौशल गतिशीलता और जनजन के संपर्क समेत भारतरूस सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की।
राजनीतिक और आर्थिक सहयोग पर हुई चर्चा
पीएम नरेंद्र मोदी और पुतिन ने राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल गतिशीलता और लोगों के बीच संपर्क से जुड़े क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने 9 से 11 सितम्बर तक भारत में पहली बार आयोजित रूस की अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक प्रदर्शनी ‘इनोप्रोम इंडिया’ का स्वागत किया और इसे द्विपक्षीय व्यापार तथा औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
दोनों नेताओं ने ‘इनोप्रोम इंडिया’ का किया दौरा
मुलाकात के दौरान पीएम मोदी और पुतिन ने ‘इनोप्रोम इंडिया’ प्रदर्शनी का दौरा किया और इसमें भाग लेने वाले हितधारकों से बातचीत की। प्रदर्शनी में भारत और रूस के औद्योगिक एवं कारोबारी सहयोग से जुड़े क्षेत्रों को प्रदर्शित किया गया।
क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारविमर्श
दोनों नेताओं ने बहुपक्षीय मंचों पर भारतरूस सहयोग, विशेष रूप से भारत की 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत सहयोग को लेकर विचारों का आदानप्रदान किया। इसके अलावा पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र के संघर्षों समेत आपसी हित से जुड़े प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई।
समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर जोर
दोनों पक्षों ने इन संघर्षों के समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर पड़ने वाले प्रभावों पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने दोहराया कि संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का रास्ता है। उन्होंने कहा कि भारत शांति प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है।
https://twitter.com/BricsIndia2026/status/2098437237084180497
विशेष रणनीतिक साझेदारी होगी और मजबूत
पीएम मोदी और पुतिन ने भारतरूस की ‘विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने के लिए संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने कहा कि भूराजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद द्विपक्षीय संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।
पुतिन ने पीएम मोदी को रूस आने का दिया न्योता
राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को 24वें भारतरूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का निमंत्रण दिया, जिसे पीएम मोदी ने स्वीकार कर लिया। शिखर सम्मेलन की तारीख दोनों देशों की सुविधा के अनुसार राजनयिक माध्यमों से तय की जाएगी।
पुतिन को रूसी भाषा में तिरुक्कुरल भेंट
मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुतिन के साथ बातचीत का वीडियो साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने रूसी राष्ट्रपति को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह महान संत तिरुवल्लुवर की शाश्वत शिक्षाओं को भाषाओं और सीमाओं के पार पहुंचाता है।
प्रतिबंध लगाने वाले देश खुद औद्योगिक गिरावट से जूझ रहे : पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को ब्रिक्स बिजनेस फोरम में कहा कि दुनिया बड़े आर्थिक और संरचनात्मक बदलावों के दौर से गुजर रही है। पुराने आर्थिक केंद्रों की जगह नए ग्रोथ इंजन उभर रहे हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था में बिजनेसटूबिजनेस संबंध व आर्थिक साझेदारी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
पुतिन ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में वैश्विक जीडीपी का 40 फीसदी से अधिक हिस्सा ब्रिक्स देशों ने बनाया, जबकि जी7 की हिस्सेदारी करीब 29 फीसदी रही। वैश्विक आर्थिक वृद्धि में भी ब्रिक्स का योगदान आधे से अधिक रहा, जबकि जी7 की हिस्सेदारी करीब 18 फीसदी रही। उन्होंने इसकी वजह ब्रिक्स देशों की बड़ी आबादी और तेजी से बढ़ता घरेलू बाजार बताया। पश्चिमी देशों पर निशाना साधते हुए पुतिन ने कहा कि रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले देश औद्योगिक गिरावट और बजट घाटे जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।



