
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की शिलाई तहसील के कुहुंट गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चंडीगढ़ में कार्यरत 23 वर्षीय युवक अपने किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। वहीं, इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, कुहुंट गांव निवासी चतर सिंह का पुत्र ऋतिक चौहान चंडीगढ़ में होटल लाइन में काम करता था और वहीं एक किराए के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि ऋतिक नशे की लत से ग्रस्त था। इसी बीच वह अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभाग ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। शव का चंडीगढ़ में ही पोस्टमार्टम करवाया गया है। फिलहाल, मौत के कारणों के पता नहीं चल पाया है। वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं, इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।



