
बिहार के मोतिहारी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनबरसा गिरि टोला गांव के सरेह में शुक्रवार सुबह एक पेड़ से युवक और युवती के शव लटके मिले। दोनों की पहचान भोला और सफीना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों शादीशुदा थे और उनके बीच कथित रूप से प्रेम संबंध था।
सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके शवों पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
घर से गायब थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, युवक भोला पकड़िया गांव के योगेंद्र बैठा का बेटा था। वहीं युवती की पहचान सफीना खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सफीना की शादी सनाल्लाह मियां से हुई थी।
परिजनों के अनुसार, दोनों पिछले दिन दोपहर के बाद से घर से गायब थे। परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शुक्रवार सुबह दोनों के शव गांव के बाहर पेड़ से लटके मिले।
पेड़ पर लटके मिले शव
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों शव पेड़ की अलग-अलग डालियों से फंदे के सहारे लटके हुए थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
शुरुआत में दोनों की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आने के बाद उनकी पहचान होने की बात कही गई है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे प्रेम संबंध से जोड़ते हुए आत्महत्या की आशंका जताई, लेकिन पुलिस ने अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया।
मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई।
हत्या या आत्महत्या? दोनों पहलुओं पर जांच
डीएसपी कुमारी प्रियंका के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारण को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों से ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस दोनों की मौत से जुड़े घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों घर से कब निकले थे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।



