
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक 25 वर्षीय युवती ने टैक्सी चालक पर रास्ते में उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि वह भुंतर से दियार जाने के लिए टैक्सी में सवार हुई थी, लेकिन चालक उसे निर्धारित रास्ते से अलग सुनसान जंगल की ओर ले गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
500 रुपये में तय हुआ था टैक्सी का किराया
पुलिस के अनुसार, दियार की रहने वाली युवती ने भुंतर से दियार जाने के लिए टैक्सी बुक की थी। इसके लिए चालक से 500 रुपये किराया तय हुआ था। युवती का आरोप है कि सफर के दौरान चालक ने सामान्य रास्ते से जाने के बजाय वाहन को अप्पर जमोट के पास एक सुनसान जंगल की तरफ मोड़ दिया।
सुनसान जगह पर गाड़ी रोकने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद चालक ने गाड़ी रोक दी। युवती ने आरोप लगाया कि इसी दौरान चालक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो चालक ने उसके साथ मारपीट भी की।
112 पर दी पुलिस को सूचना
युवती ने घटना के दौरान ही 112 हेल्पलाइन पर संपर्क कर पुलिस को सूचना दी और अपनी शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान रूम सिंह निवासी जमोट के रूप में की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


