
क्या आपने कभी ऐसी कार देखी है जो बाइक से भी पतली हो? इटली के एक जुगाड़ू मैकेनिक ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि देखने वाले दंग रह गए हैं. इस बंदे ने 1993 की पुरानी फिएट पांडा कार को बीच से ऐसा काटा-छांटा कि उसे दुनिया की सबसे पतली कार बना डाला. इस अजीबोगरीब कार का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है और लोग इसे देखकर पूरी तरह हैरान हैं.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम
उत्तरी इटली के रहने वाले मैकेनिक एंड्रिया माराजी ने अपनी इस पुरानी कार की चौड़ाई घटाकर सिर्फ एक तिहाई कर दी है. मजेदार बात यह है कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने भी इसे दुनिया की सबसे संकरी कार मान लिया है. इस अजीबोगरीब कार की चौड़ाई महज 50.20 सेंटीमीटर है, जबकि लंबाई 3.40 मीटर और ऊंचाई 1.45 मीटर है. एंड्रिया को इसे तैयार करने में पूरे 12 महीने लगे, जिसमें उन्होंने जीतोड़ कटिंग और वेल्डिंग की है.
यह पूरा प्रोजेक्ट एंड्रिया के परिवार के ऑटो रीसाइक्लिंग बिजनेस यानी कबाड़खाने में तैयार किया गया है. सबसे बढ़िया बात ये है कि इस कार का 99% हिस्सा पुरानी फिएट पांडा के ओरिजिनल पार्ट्स से ही बना है.
एक नजर में दुनिया की सबसे पतली कार
अब बात करें अंदर के स्पेस और स्पीड की, तो इसमें सिर्फ एक ही आदमी के बैठने की जगह है. गाड़ी में छोटा सा स्टीयरिंग व्हील, चार पहिए, एक इलेक्ट्रिक मोटर, एक हेडलाइट और दो रियर लाइटें दी गई हैं. इस अनोखे वाहन का वजन सिर्फ 264 किलो है और इसकी टॉप स्पीड 15 किलोमीटर प्रति घंटा है. ये कार पूरी तरह से फंक्शनल है, लेकिन सेफ्टी की वजह से अभी इसे सड़कों पर चलाने की कानूनी इजाजत नहीं मिली है.



