IndiaUttar Pradesh

​‘मुझे और गुलाब को पति-जेठ ने पिलाई थी जहरीली कोल्डड्रिंक…’ इटावा कांड में देवर की मौत, अस्पताल में भर्ती पत्नी ने बताई पूरी आपबीती

Etawah crime news: ‘मुझे और गुलाब को कोल्डड्रिंक पिलाई गई थी… उसके बाद से हम दोनों की तबीयत बिगड़ गई. पति और जेठ ने ही पीने को दी थी…’ इटावा के सौथना गांव में 38 साल की ममता अब भी जिंदगी की जंग अस्पताल में लड़ रही है. उसके चचेरे देवर 34 वर्षीय गुलाब सिंह की जहरीली कोल्डड्रिंक पीने से मौत हो गई.

​‘मुझे और गुलाब को पति-जेठ ने पिलाई थी जहरीली कोल्डड्रिंक…’ इटावा कांड में देवर की मौत, अस्पताल में भर्ती पत्नी ने बताई पूरी आपबीती

हालत में सुधार के बाद ममता ने अपने पति महावीर सिंह और जेठ नरेश पर कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

14 साल पहले हुई थी ममता की शादी

मामला ऊसराहार थाना क्षेत्र के सौथना गांव का है. ममता की शादी करीब 14 साल पहले महावीर सिंह से हुई थी. ममता के अनुसार, उसका पति शराब पीने का आदी है और कोई काम नहीं करता था. घर का खर्च चलाने और चार बच्चों के भरणपोषण के लिए पैसे नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.

इसी दौरान ममता के अपने पति के चचेरे भाई गुलाब सिंह से प्रेम संबंध बन गए. ममता का कहना है कि गुलाब सिंह ही उसके और उसके चार बच्चों के खर्च में मदद करता था. दोनों के बीच संबंध की जानकारी महावीर को भी थी और वह इससे नाराज रहता था.

पति के घर में ही रहने लगी थी ममता

ममता के मुताबिक, गुलाब सिंह के साथ संबंध बनने के बाद वह उसके साथ अपने पति के घर में ही रहने लगी थी. दोनों के एक साथ रहने को लेकर घर में कई बार विवाद भी हुआ. गुलाब की मां का भी दावा है कि उसका बेटा पिछले करीब एक साल से ममता और उसके बच्चों की देखभाल कर रहा था. इसी बात को लेकर महावीर उससे नाराज रहता था.

शाम पांच बजे पी थी कोल्डड्रिंक

रविवार शाम करीब पांच बजे ममता और गुलाब सिंह ने कोल्डड्रिंक पी. इसके कुछ देर बाद ही दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. ममता को उल्टियां होने लगीं, जबकि गुलाब सिंह की हालत ज्यादा गंभीर हो गई. परिजन दोनों को सरसईनावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.

हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया. वहां पहुंचने पर ईएमओ डॉ. ओमकांत राजपूत ने गुलाब सिंह की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं ममता को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया.

पति और जेठ ने दी थी कोल्डड्रिंक

अस्पताल में इलाज के दौरान ममता की हालत में सुधार हुआ तो उसने पुलिस और परिजनों के सामने गंभीर आरोप लगाए. ममता का कहना है कि उसका पति महावीर सिंह अपने भाई नरेश के साथ घर आया था. दोनों ने उसे और गुलाब सिंह को कोल्डड्रिंक पीने के लिए दी थी.

ममता के अनुसार, कोल्डड्रिंक पीने के बाद ही दोनों की तबीयत बिगड़ गई. गुलाब सिंह की हालत ज्यादा खराब होने पर वह घर से बाहर जाकर लेट गया. बाद में उसकी हालत और बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

गुलाब की मां ने भी लगाए आरोप

गुलाब सिंह की मां ने भी महावीर और नरेश पर कोल्डड्रिंक में कुछ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि गुलाब के ममता और उसके बच्चों की देखभाल करने से महावीर नाराज था.

ऊसराहार थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा के अनुसार, पुलिस को दोनों के जहरीला पदार्थ पीने की सूचना मिली थी. घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, दोनों के अलगअलग तरीके से जहरीला पदार्थ खाने की बात भी सामने आई है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply