IndiaTrending

UCC पर अमित शाह का बड़ा ऐलान, 29 तक NDA वाले 21 राज्यों में हो जाएगा लागू

UCC पर अमित शाह का बड़ा ऐलान, 29 तक NDA वाले 21 राज्यों में हो जाएगा लागू

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को यूसीसी को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहाकि साल 2029 तक एनडीए के शासन वाले 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 30 दिन के सेवा संकल्प अभियान का ऐलान करते हुए अमित शाह ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा और सहयोगी दल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाएंगे। मुंबई में सेवा संकल्प अभियान को लेकर मीडिया को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की है। हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि साल 2029 के पहले भाजपा शासित सभी 21 प्रदेशों में समान नागरिक संहिता लागू करने में सफल होंगे।

प्रधानमंत्री ने दुनिया में बढ़ाया भारत का मान

इस दौरान अमित शाह ने कहा कि पिछले 12 साल में दुनिया में भारत का कद काफी बढ़ा है। दुनिया का कोई भी मुद्दा हो, आज भारत के प्रधानमंत्री की राय को अहमियत दी जाती है। दुनिया भर में लोग भारतीय पासपोर्ट रखने वाले भारतीय नागरिक को सम्मान की नजर से देखते हैं। नरेंद्र मोदी जी ने भारतीय पासपोर्ट की अहमियत बढ़ाने का काम किया है। इसका नतीजा यह है कि वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बनकर उभरे हैं, जिन्हें सर्वे में 68 फीसदी अप्रूवल रेटिंग मिली है। उन्होंने आगे कहा कि 36 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय सम्मान दिए हैं, जो भारत के ‘भारत रत्न’ जैसे ही हैं। यह विदेशों में भारत के बढ़ते कद को दर्शाता है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों में यह विश्वास पैदा किया है कि 15 अगस्त, 2047 तक भारत सभी क्षेत्रों में सभी देशों से आगे होगा। उन्होंने ने देश में सभी क्षेत्रों में बदलाव की शुरुआत की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि साल 2014 में भारत को ‘फ्रेजाइल फाइव’ में शामिल किया गया था, लेकिन आज यह शीर्ष पांच देशों में शामिल है।

घुसपैठियों के मुद्दे पर क्या कहा

वहीं, घुसपैठियों के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं अपना संकल्प दोहराता हूं। हम इस देश से हर एक अवैध घुसपैठिये की पहचान करेंगे और उसे बाहर निकालेंगे। जब भारत और चीन की सेनाओं के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर चल रही बातचीत और गलवान घटना के बाद चर्चा की मौजूदा स्थिति के बारे में पूछा गया, तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हम जनता से भी बातचीत करते हैं। उन्हें पूरा भरोसा है, लेकिन कुछ संवेदनशील मामले ऐसे हैं जिनका खुलासा न तो राष्ट्रहित में है और न ही सेना के हित में।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply