
BRICS 2026: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स सम्मेलन का आज आखिरी दिन है। इस समिट के दौरान प्रधानमंत्री की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात और बातचीत हुई। दोनों देशों के नेता अब अपने देश वापस लौट चुके हैं। इसके बाद अब रूस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ब्रिक्स के दौरान यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए शांति बातचीत में मदद ऑफर की है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनकी तैयारी का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से रूस और यूक्रेन युद्ध को रुकवाने की कोशिश में लगे हुए हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। ऐसे में दुनियाभर की नजरें भारत की ओर टिक गई हैं, क्योंकि भारत और रूस के संबंध दशकों से शानदार बने हुए हैं। ब्रिक्स समिट के दौरान, पीएम मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग के बीच तमाम मुद्दों पर बातचीत हुई। एक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें पीएम मोदी पुतिन और जिनपिंग का हाथ पकड़े हुए मुस्कुरा रहे हैं। एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि इस तस्वीर से ट्रंप को मिर्ची लग सकती है।
‘युद्ध रुकवाने में पीएम मोदी-जिनपिंग ने दिखाई दिलचस्पी’
पेसकोव ने कहा, “अपनी द्विपीक्षीय मीटिंग के दौरान मोदी और शी ने यूक्रेन सेटलमेंट में गहरी दिलचस्पी दिखाई और हल निकालने में मदद के लिए एक्टिवली अपनी गुड ऑफिस की पेशकश की।” पेसकोव ने आगे कहा कि पुतिन ने इस तैयारी का स्वागत किया और मोदी और शी को यूक्रेन के हालात के बारे में डिटेल में जानकारी दी। पीएम मोदी और पुतिन ने ब्रिक्स समिट के आधिकारिक रूप से शुरू होने से पहले 11 सितंबर को मुलाकात की थी और अपने देशों के पुराने रिश्तों को और गहरा करने पर सहमत हुए। पुतिन ने कहा कि ब्रिक्स ग्रुप को पश्चिमी नियमों से आजाद होकर ग्लोबल ग्रोथ के लिए एक नया प्लेटफॉर्म बनाना चाहिए।
अमेरिका भी युद्ध खत्म करवाने में लगा
वहीं, रूसी मीडिया के अनुसार, क्रेमलिन ने रविवार को कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद यूरोप के सबसे बुरे झगड़े को खत्म करने के लिए यूक्रेन और अमेरिका के साथ तीन-तरफा बातचीत अक्टूबर में हो सकती है। रूस की रिया और टास न्यूज एजेंसियों के हवाले से क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पत्रकारों से कहा, “हम ऐसी किसी भी संभावना से इनकार नहीं करते; हम आने वाले समय के बारे में बात कर रहे हैं।” शनिवार को जारी एक इंटरव्यू में, यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि वह दिसंबर में मियामी में होने वाले G20 समिट में पुतिन से बातचीत के लिए मिलने को तैयार होंगे। लेकिन पेस्कोव ने तुरंत इसे नामुमकिन बताकर खारिज कर दिया।



