
हरदोई, अमृत विचार: पुलिस की छवि और अनुशासन से समझौता करने वाले चार पुलिसकर्मियों पर हरदोई एसपी अशोक कुमार मीणा ने सख्त कार्रवाई की है। अलगअलग मामलों में तीन सबइंस्पेक्टर और एक फॉलोअर को निलंबित कर दिया गया है। इनके खिलाफ वसूली के आरोप, जांच में लापरवाही, सरकारी कार्यों में रुचि न लेना, अधिकारियों के आदेश की अनदेखी और ड्यूटी के दौरान नशे में रहने जैसे आरोप सामने आए थे। एसपी अशोक कुमार मीणा ने सभी मामलों में जांच के आदेश भी दिए हैं।
रविवार देर रात हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में खलबली मच गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि कर्तव्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसआई सभा नारायण पर वसूली और गैरहाजिरी के आरोप
कोतवाली देहात में तैनात एसआई सभा नारायण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, बाराबंकी और एटा में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने के बावजूद उनके आचरण में सुधार नहीं हुआ। एसपी को उनके खिलाफ वसूली से संबंधित कई शिकायतें मिली थीं।
इसके अलावा वह बिना सूचना या अवकाश के लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित भी चल रहे थे। इन शिकायतों और आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया।
बेहटा गोकुल के एसआई पर जांच में लापरवाही का आरोप
बेहटा गोकुल में तैनात एसआई मोहित कुमार को जांच कार्य में लापरवाही और अपने दायित्वों के निर्वहन में ढिलाई बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
शाहाबाद के एसआई पर भी गिरी गाज
शाहाबाद में तैनात एसआई दृगपाल सिंह गौर के खिलाफ सरकारी कार्यों में रुचि न लेने और जांचों के निस्तारण में लापरवाही के आरोप सामने आए थे।
इसके अलावा उन पर अधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं करने और वसूली से संबंधित आरोप भी लगाए गए। मामले को गंभीर मानते हुए एसपी ने उन्हें निलंबित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
ड्यूटी के दौरान नशा करने के आरोप में फॉलोअर निलंबित
सुरसा थाने में तैनात फॉलोअर शुभम गंगवार पर ड्यूटी के दौरान नशा करने का आरोप है। पुलिसिंग की छवि को प्रभावित करने वाली इस हरकत के चलते एसपी ने उन्हें भी निलंबित कर दिया और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
SP बोले लापरवाही और अनुशासनहीनता पर होगी कड़ी कार्रवाई
रविवार देर रात एक साथ चार पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी अशोक कुमार मीणा ने कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता या कर्तव्य के प्रति उदासीनता सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ः



