
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छपिया गांव के पास रविवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरदेवरा निवासी सूरज (21) और नीतीश यादव (16) रविवार रात करीब 10 बजे बाइक से परतावल कस्बे की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि छपिया गांव के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। देर रात गश्त पर निकली पुलिस टीम ने सड़क पर दोनों युवकों के शव और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को देखा। पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों से संपकर् किया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।
श्यामदेउरवा के थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य माध्यमों से भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक सूरज परिवार में दूसरे नंबर का बेटा था और दिल्ली में पेंटिंग का काम करता था। वहीं नीतीश अपने परिवार में सबसे छोटा था।



