ChhattisgarhCrimeIndiaTrending

रायगढ़ में PDS घोटाले का खुलासा, 30 लाख से ज्यादा के चावल-नमक-शक्कर की कमी; अध्यक्ष और सचिव गिरफ्तार.

रायगढ़ में PDS घोटाले का खुलासा, 30 लाख से ज्यादा के चावल-नमक-शक्कर की कमी; अध्यक्ष और सचिव गिरफ्तार.

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। धरमजयगढ़ विकासखंड की दो सरकारी उचित मूल्य दुकानों में जांच के दौरान 30 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के चावल, शक्कर और नमक की कमी मिली। मामले में पुलिस ने एक संचालन एजेंसी की अध्यक्ष और सचिव को गिरफ्तार किया है, जबकि कई अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

यह कार्रवाई जिला कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

ससकोबा की दुकान में 12.89 लाख के खाद्यान्न की कमी

खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच की। भौतिक सत्यापन के दौरान दुकान में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया।

इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त 2026 में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बाद उन्हें राशन वितरित नहीं किया गया। खाद्य विभाग ने इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों का उल्लंघन माना है।

अध्यक्ष और सचिव गिरफ्तार, विक्रेता फरार

जांच के आधार पर पुलिस ने सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया को आरोपी बनाया।

पुलिस ने अध्यक्ष उमाबाई राठिया (45) और सचिव माधुरी बाई राठिया (44) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

गनपतपुर में भी 18.86 लाख के खाद्यान्न का हिसाब नहीं मिला

इसी तरह ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 में भी जांच के दौरान बड़ी मात्रा में खाद्यान्न कम मिला।

भौतिक सत्यापन में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये बताई गई है।

इस दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था। जांच में अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान की भूमिका सामने आई है।

दूसरे मामले में गिरफ्तारी बाकी

गनपतपुर मामले में भी शासकीय खाद्यान्न के गबन और PDS नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई है। इस मामले में अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में धारा 3 और 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम (E.C. Act) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि खाद्यान्न की कमी और कथित गड़बड़ी के पीछे और कौन लोग शामिल हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply