TrendingUttar Pradesh

​यूपी-बिहार में बाढ़ से हाहाकार : पंजाब समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; लखीमपुर में 7 मकान नदी में समाए

​यूपी-बिहार में बाढ़ से हाहाकार : पंजाब समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; लखीमपुर में 7 मकान नदी में समाए

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता से भारी बारिश और बाढ़ का दौर जारी है। यूपी और बिहार में नदियों के उफान पर आने से बड़ी आबादी प्रभावित हुई है। उत्तर प्रदेश में 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं, जबकि बिहार के 15 जिलों में करीब 49.36 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं। पंजाब, राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में भी तेज बारिश का दौर जारी है।

यूपी के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात, 4 लाख लोग प्रभावित

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ा है। प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और करीब चार लाख की आबादी प्रभावित बताई गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 56 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का कटान तेज

लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के तेज कटान ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले 24 घंटे में कटान की चपेट में आकर सात पक्के मकान नदी में समा गए। नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान से प्रभावित इलाकों में लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, सिद्धार्थनगर में लगातार बारिश के बीच एक दीवार गिरने की घटना सामने आई। सहारनपुर में सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास बरसाती नदी में उफान के बाद पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

बिहार में 49 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में

बिहार में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, 15 जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतों में करीब 49.36 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कई नदियां अलगअलग स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

कटिहार में नाव पर पढ़ाई, जलमग्न हुए स्कूल

बाढ़ के कारण कटिहार समेत कई इलाकों में स्कूल और कोचिंग संस्थान प्रभावित हुए हैं। कुछ स्थानों पर शिक्षकों को नाव के जरिए बच्चों तक पहुंचकर पढ़ाई जारी रखनी पड़ रही है। राज्य के 26 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बाढ़ प्रभावित भोजपुर के ज्वइनिया गांव समेत कई इलाकों में प्रशासन के साथ सामाजिक संगठन भी राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं।

राजस्थान में भी तेज बारिश का दौर

राजस्थान के पाली जिले में बुधवार दोपहर मौसम अचानक बदला और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य के अलगअलग हिस्सों में 17 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।

गुजरात में चार घंटे में आठ इंच से ज्यादा बारिश

गुजरात के ऊना क्षेत्र में कुछ ही घंटों में भारी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया और 200 से अधिक मकानों में पानी भरने की सूचना है। राज्य में दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

पंजाब में भी बारिश के आसार

पंजाब के 18 जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी मौसम का असर

उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है। हाल के दिनों में चीरबासा क्षेत्र में मलबा और पत्थर आने के बाद यात्रा प्रभावित हुई थी। एक भूस्खलन की घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोके जाने की भी सूचना सामने आई थी।

बारिश और बाढ़ से कई राज्यों में बढ़ी चुनौती

उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। यूपी और बिहार में बाढ़ का असर बड़ी आबादी पर पड़ा है, जबकि राजस्थान, गुजरात, पंजाब और उत्तराखंड में भी मौसम की स्थिति पर प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply