
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 42 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने यह राशि चालू वित्तीय वर्ष 202627 में ‘मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान’ के तहत चिकित्सा सुविधा के लिए मंजूर की है।
अपर मुख्य सचिव सूचना संजय प्रसाद की ओर से जारी शासनादेश के मुताबिक, यह धनराशि अनुदान संख्या86 के तहत ‘पत्रकार कल्याण कोष’ से सहायता अनुदान के रूप में जारी की गई है। इसका व्यय निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जाएगा और संबंधित वित्तीय नियमों का पालन सुनिश्चित करना होगा।
31 मार्च तक करना होगा धनराशि का समायोजन
दूसरी योजना के काम में नहीं खर्च होगी रकम
शासनादेश में निदेशक सूचना को पूर्व में दी गई अग्रिम धनराशि का समायोजन चालू वित्तीय वर्ष में 31 मार्च 2027 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही धनराशि को किसी बैंक खाते में रखे जाने के बजाय आवश्यकता के अनुसार नियमानुसार आहरित और खर्च किया जाएगा। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग किसी अन्य योजना में शामिल कार्य के लिए नहीं किया जाएगा और इसके लिए पहले किसी अन्य योजना या स्रोत से धनराशि स्वीकृत नहीं हुई होनी चाहिए।



