
बिहार के बेगूसराय में बुधवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। लाखो थाना क्षेत्र में शाहपुर टोल प्लाजा और इनियार के बीच एनएच-31 किनारे झाड़ियों में करीब 28 से 30 साल की महिला की लाश बरामद हुई। शव सड़क से करीब 20 से 30 फीट नीचे पड़ा था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी।
राहगीरों ने झाड़ियों की ओर से दुर्गंध महसूस होने के बाद नीचे जाकर देखा तो वहां शव पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही सदर-वन डीएसपी इमरान अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
हाथ पर बना था ‘प्रीति’ नाम का टैटू
पुलिस के मुताबिक, महिला सलवार-कमीज पहने हुई थी। शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला के एक हाथ पर ‘प्रीति’ नाम का टैटू बना हुआ था, जबकि दूसरे हाथ पर चोट का निशान भी मिला है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस अब टैटू, पहनावे और अन्य पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह
सदर-वन डीएसपी इमरान अहमद के अनुसार, महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया या घटना इसी स्थान पर हुई।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज महिलाओं की गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया और पुलिस नेटवर्क की मदद से मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
8 दिनों में तीन महिलाओं के शव मिलने से बढ़ी चिंता
बेगूसराय में यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि पिछले आठ दिनों में अज्ञात महिलाओं के शव मिलने का यह तीसरा मामला है।
इससे पहले 8 सितंबर को तेघड़ा थाना क्षेत्र के आधारपुर बांध के पास एक अज्ञात युवती का शव मिला था। इसके बाद 15 सितंबर को तेघड़ा थाना क्षेत्र की पिढ़ौली पंचायत के बांध किनारे 22 वर्षीय युवती की लाश बरामद हुई थी। इन दोनों मामलों में भी हत्या के बाद शव ठिकाने लगाए जाने की आशंका जताई गई थी।
हालांकि, तीनों मामलों के बीच किसी तरह का संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पहचान के बाद सुलझ सकती है पूरी गुत्थी
लगातार अज्ञात महिलाओं के शव मिलने से पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान करना है। पुलिस का मानना है कि पहचान होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
फिलहाल लाखो थाना पुलिस और अन्य संबंधित पुलिस टीमें महिला की पहचान, उसकी मौत की वजह और शव यहां तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हैं।



