
Unknown Fact : आजकल बाजार में बिस्किट, नमकीन, चिप्स, इंस्टेंट फूड, सॉस और दूसरे कई तरह के पैकेज्ड फूड आसानी से मिल जाते हैं. आकर्षक पैकिंग और बड़े-बड़े हेल्थ क्लेम देखकर हम अक्सर सामान खरीद लेते हैं, लेकिन पैकेट के पीछे लिखी जानकारी को पढ़ना उतना ही जरूरी है. FSSAI के अनुसार फूड लेबल पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाती हैं, जो उपभोक्ता को सही चुनाव करने में मदद करती हैं.
सामग्री की लिस्ट
सबसे पहले पैकेट पर Ingredients जरूर पढ़ें. इसमें इस्तेमाल की गई सामग्री वजन या मात्रा के हिसाब से घटते क्रम में लिखी जाती है. यानी जो चीज ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल हुई है, वह आमतौर पर लिस्ट में पहले आती है. इससे आपको अंदाजा हो सकता है कि प्रोडक्ट में मुख्य रूप से क्या मौजूद है.
नूट्रिशन पर दें ध्यान
इसके बाद नूट्रिशन देखें, इसमें ऊर्जा यानी कैलोरी, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फैट और अन्य पोषक तत्वों की जानकारी दी जाती है. FSSAI की उपभोक्ता जागरूकता सामग्री में पैकेज्ड फूड खरीदते समय पोषण संबंधी जानकारी देखने और खासकर फैट, शुगर और सोडियम पर ध्यान देने की सलाह दी गई है.
Sugar, Salt और Fat की मात्रा
किसी प्रोडक्ट को सिर्फ इसलिए हेल्दी न मानें क्योंकि उसके पैकेट पर ‘Healthy’, ‘Natural’ या दूसरे आकर्षक दावे लिखे हैं. कुल शुगर, नमक और फैट की मात्रा भी देखें. FSSAI ने पैकेज्ड फूड की न्यूट्रिशन जानकारी को ज्यादा स्पष्ट तरीके से दिखाने पर भी जोर दिया है.
डेट जरूर चेक करें
पैकेट खरीदते समय Manufacturing/Packing Date और Expiry/Use By या Best Before जरूर देखें. खासकर जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों में तारीख की जांच करना बेहद जरूरी है. कुछ उत्पादों पर सही स्टोरेज कंडीशन की जानकारी भी दी जाती है.
निर्माता की जानकारी
पैकेट पर FSSAI का लोगो और लाइसेंस नंबर, निर्माता या पैकर का नाम और पता जैसी जानकारी भी महत्वपूर्ण होती है. इससे प्रोडक्ट और उसे बनाने वाली कंपनी की पहचान से जुड़ी जानकारी मिलती है.
चिन्ह
अगर आपको किसी खाद्य पदार्थ से एलर्जी है तो Allergen Declaration जरूर पढ़ें. FSSAI की गाइडलाइन में दूध, अंडा, मछली, मूंगफली, सोया, ग्लूटेन वाले अनाज और कुछ अन्य एलर्जेंस की जानकारी घोषित करने का प्रावधान है. साथ ही Veg/Non-Veg चिन्ह भी देखकर ही खरीदारी करें. यानी अगली बार पैकेज्ड फूड खरीदते समय सिर्फ सामने की तस्वीर या ऑफर देखकर फैसला न लें. पैकेट के पीछे मौजूद जानकारी को पढ़ने में कुछ सेकंड लगेंगे, लेकिन यही छोटी सी आदत आपको ज्यादा समझदारी से खाना चुनने में मदद कर सकती है. यह खबर भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी पर आधारित है. न्यूज18 इस वीडियो से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है.



