
तमिलनाडु के नागौर से धार्मिक सौहार्द की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है. यहां एक हिंदू परिवार ने अपनी शादी की रस्म नागौर दरगाह में पूरी की. शादी में परिवार और रिश्तेदारों के साथ दरगाह प्रशासन से जुड़े मुस्लिम बुजुर्ग भी शामिल हुए और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया.
इस पूरे समारोह का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.नागौर दरगाह में हुआ शादी का समारोह दरअसल, शादी 13 सितंबर 2026 को नागपट्टिनम जिले के नागौर में स्थित विश्व प्रसिद्ध नागौर अंडावर दरगाह में हुई. शुभ मुहूर्त में आयोजित इस समारोह में दूल्हा-दुल्हन के परिवार, रिश्तेदार और दोस्त मौजूद रहे. खास बात यह रही कि दरगाह प्रशासन के मुस्लिम बुजुर्ग भी इस खुशी में शामिल हुए.
नागौर दरगाह के प्रशासनिक अध्यक्ष और वंशानुगत ट्रस्टी मोहम्मद खलीफा साहिब समेत अन्य लोगों ने नवविवाहित जोड़े को बधाई दी. समारोह के दौरान दूल्हा-दुल्हन पर अक्षत बरसाए जाने का वीडियो भी सामने आया है.मुस्लिम बुजुर्गों ने दिया आशीर्वाद दरगाह के वंशानुगत ट्रस्टी और सलाहकार समिति के अध्यक्ष खलीफा साहिब ने इस मौके पर धार्मिक सौहार्द को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि नागपट्टिनम जिला धार्मिक एकता के लिए जाना जाता है और नागौर दरगाह की अपनी खास पहचान है.
उन्होंने कहा कि एक हिंदू भाई की शादी मुस्लिम बुजुर्गों की मौजूदगी में परिवार और दोस्तों के बीच हुई. उनके मुताबिक, नागौर दरगाह में इस तरह के आयोजन कोई नई बात नहीं हैं.सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें खलीफा साहिब ने कहा कि मौजूदा माहौल में ऐसी घटनाओं को वीडियो के जरिए सामने लाना जरूरी हो गया है, ताकि आने वाली पीढ़ी भी इस भाईचारे और एकता को समझ सके.
शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद लोग इसे नागौर की पुरानी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बता रहे हैं. लोगों का कहना है कि अलग-अलग धर्मों के बावजूद इंसानियत और आपसी भाईचारा सबसे ऊपर है. नागौर दरगाह में हुआ यह विवाह इसी संदेश को मजबूत करता नजर आया कि धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत एक है.



