
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में वीआईपी ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर 40 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन सभी को कल देर रात पुलिस कमिश्नर ने लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 14 सितंबर को हाईकोर्ट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए लगाई गई थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम अतिथि शामिल हुए थे।
कार्यक्रम को लेकर जनपद के अलगअलग थानों से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें 53 पुलिसकर्मियों को एक अलग टीम में रखा गया था। इन्हें स्टैंडबाई मोड में रखा गया था, ताकि कार्यक्रम के दौरान भी ट्रैफिक को सुगम तरीके से संचालित किया जा सके। कार्यक्रम या अतिथियों के आगमन के दौरान भी ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे।
सूत्रों के मुताबिक, इस टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी के लिए संबंधित थानों से रवानगी कराई थी। इसके बाद पुलिस लाइन में आमद भी दर्ज कराई गई। और इसके बाद निर्धारित स्थान पर मौजूद रहने के बजाय कई पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट छोड़कर इधरउधर हो घूम रहे थे।
53 में से 40 पुलिसकर्मी नहीं मिले
कार्यक्रम के दौरान जब ट्रैफिक को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए इन पुलिसकर्मियों की जरूरत पड़ी और उनकी तलाश की गई तो 53 में से 40 पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं मिले। ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने के बाद मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद सभी 40 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।
संवेदनशील ड्यूटी में लापरवाही पर सख्ती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों से निर्धारित अवधि तक अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहने की अपेक्षा की जाती है। यह बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न हो और पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी को गंभीरता से निभाएं, इसी उद्देश्य से कार्रवाई की गई है।



