
बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के बाराबंकी जिले में सतरिख थाना क्षेत्र के बरकत नगर मजरा करीमाबाद मलौली गांव में कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि जमीन पर पहुंचे एक व्यक्ति पर दूसरे पक्ष ने ईंटपत्थर चलाए और सुतली बम जैसे पटाखे भी फेंके। मामले में पुलिस ने तीन भाइयों और उनकी पत्नियों समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी कृषि भूमि गाटा संख्या 1550 की राजस्व विभाग ने धारा 24 के तहत पैमाइश कर मेड़बंदी कराई थी। आरोप है कि जांच के दौरान जमीन के कुछ हिस्से पर सभाजीत और उसके पुत्रों का कब्जा पाया गया था। कब्जा हटाने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
ट्रैक्टर लेकर पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद
आशीष के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह वह ट्रैक्टर लेकर अपनी जमीन पर पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान अजय, सतीश और अमरीश पुत्र सभाजीत तथा उनकी पत्नियों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते ईंटपत्थर चलाए गए और सुतली वाले पटाखे भी फेंके गए। आशीष ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
घटना के बाद उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अजय, सतीश और अमरीश के साथ उनकी पत्नियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांचर करही है। जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति की भी जांच की जा रही है।



