
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों को आगे बढ़ाते हुए योगी सरकार शनिवार को 818 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के चयनित 21 अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे, जबकि 797 अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों की ओर से नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
यह कार्यक्रम 19 सितंबर को होगा। मुख्यमंत्री ने हाल में अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी। नियुक्ति पाने वालों में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उद्योग विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं तथा आयुष विभाग के चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के तहत विभिन्न ट्रेडों के 48 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।
इनमें प्लंबर के 31, मैकेनिक के छह, वायरमैन के चार और पेंटर के चार पद शामिल हैं। इसके अलावा सर्वेयर, मैकेनिकल मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स और लेदर गुड्स मेकर के एकएक पद पर चयन हुआ है। इन नियुक्तियों से प्रशिक्षण संस्थानों में तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य व आयुष में 761 अभ्यर्थियों को अवसर
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 357 एक्सरे टेक्नीशियन के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं आयुष विभाग में कुल 404 अभ्यर्थियों की नियुक्ति होगी। इनमें होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के 361, होम्योपैथिक प्रोफेसर के चार, आयुर्वेद प्रोफेसर के पांच, आयुर्वेद रीडर के 22, यूनानी प्रोफेसर के एक, यूनानी रीडर के एक और यूनानी लेक्चरर के 10 पद शामिल हैं। उद्योग विभाग में सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के नौ पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र मिलेगा।
एक नजर में नियुक्तियां
• व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास : 48
• उद्योग विभाग : 9
• चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं : 357
• आयुष विभाग : 404
• कुल : 818



