
जयसिंहपुर, सुलतानपुर। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत लेकर कई माह से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे युवक के शुक्रवार सुबह जयसिंहपुर तहसील परिसर में धरने पर बैठने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। अमृत विचार के पोर्टल पर धरने की खबर प्रकाशित होने के कुछ ही घंटे बाद एसडीएम संदीप यादव राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ रवनियां गांव पहुंचे और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटवाया।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से लेकर अधिकारियों तक की थी शिकायत
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के रवनियां गांव निवासी विंदेश्वरी पांडेय का कहना है कि गांव की गाटा संख्या 313 सरकारी भूमि है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत वह कई माह से संबंधित अधिकारियों से कर रहे थे। उनके मुताबिक, अधिकारियों की ओर से आदेश और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद मौके से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा था। विंदेश्वरी ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के साथ ही जिलाधिकारी, एसडीएम और तहसीलदार से भी की थी। लंबे समय तक कार्रवाई न होने से नाराज होकर उन्होंने शुक्रवार सुबह जयसिंहपुर तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया।
अमृत विचार की खबर के बाद गांव पहुंची प्रशासनिक टीम
तहसील परिसर में युवक के धरने की खबर अमृत विचार के पोर्टल पर प्रकाशित होने के बाद तहसील प्रशासन ने मामले में कार्रवाई तेज की। शुक्रवार शाम करीब चार बजे एसडीएम संदीप यादव, नायब तहसीलदार, राजस्व कर्मियों और पुलिस बल के साथ रवनियां गांव पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटवाया।
कार्रवाई के बाद युवक ने खत्म किया धरना
तहसील प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटवाए जाने के बाद शिकायतकर्ता विंदेश्वरी पांडेय ने अपना धरना समाप्त कर दिया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो गई।



