TrendingUttar Pradesh

​UP News: विधायक पूजा पाल हुईं साइबर ठगी का शिकार, खाते से उड़े 1.55 लाख

​UP News: विधायक पूजा पाल हुईं साइबर ठगी का शिकार, खाते से उड़े 1.55 लाख

प्रयागराज/कौशांबी, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के कौशांबी की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल के बैंक खाते से करीब 1.55 लाख रुपये की अनधिकृत निकासी का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, 22 अगस्त से 13 सितंबर 2026 के बीच उनके खाते से PhonePe और UPI के जरिए कई बार रकम निकाली गई। इसकी जानकारी उन्हें 14 सितंबर को बैंक खाते का विवरण देखने के बाद हुई। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज के धूमनगंज थाने में साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

22 अगस्त से लगातार हुए कई ट्रांजैक्शन

पूजा पाल की शिकायत के अनुसार, धूमनगंज स्थित बैंक शाखा में उनके खाते से 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच PhonePe और UPI के माध्यम से कई बार धनराशि निकाली गई। 14 सितंबर को बैंक खाते की जांच करने पर करीब 1.55 लाख रुपये के अनधिकृत लेनदेन का पता चला।

विधायक ने आशंका जताई है कि उनके iPhone में किसी तरह अनधिकृत प्रवेश किया गया होगा। इसके बाद उनकी जानकारी और अनुमति के बिना UPI के जरिए रकम निकाली गई। हालांकि, मोबाइल में सेंध लगने की इस आशंका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

निजी डेटा के एक्सेस की भी आशंका

शिकायत में सिर्फ बैंक खाते से रकम निकाले जाने की जांच की मांग नहीं की गई है। पूजा पाल ने मोबाइल में मौजूद निजी और महत्वपूर्ण डेटा के अनधिकृत एक्सेस या संभावित लीक की आशंका भी जताई है।

उन्होंने पुलिस से 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच हुए सभी PhonePe और UPI लेनदेन की जांच कराने के साथ संबंधित UTR और ट्रांजैक्शन आईडी सुरक्षित करने की मांग की है।

साइबर सेल कर रही तकनीकी जांच

मामले में धूमनगंज पुलिस साइबर सेल की मदद से मोबाइल फोन, PhonePe, UPI और बैंक खाते से जुड़े लेनदेन की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई और अनधिकृत लेनदेन के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल जांच जारी है। पुलिस की ओर से रकम की रिकवरी के साथसाथ संदिग्ध लेनदेन के स्रोत और संभावित अनधिकृत एक्सेस का पता लगाने पर भी फोकस किया जा रहा है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply