मराठी फिल्म ‘गोंधल’ के निर्देशक संतोष डावखर ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि उनकी यह फिल्म ऑस्कर पुरस्कार 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि होगी। निर्देशक ने उम्मीद जताई कि देश की जीवंत संस्कृति और विरासत का यह जश्न अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को भी खूब पसंद आएगा। मराठी की इस फिल्म को 99वें अकादमी पुरस्कारों में ‘सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म’ की श्रेणी के लिए शुक्रवार को भारत की तरफ से चुना गया था। डावखर ने स्वयं ‘गोंधल’ की पटकथा लिखी है।

उन्होंने ‘पीटीआईभाषा’ से कहा, ‘‘फिल्म निर्माण के समय ही हमें पूरा भरोसा था कि भारत की ओर से आधिकारिक रूप से हमारी फिल्म भेजी जाएगी। मुझे अपनी फिल्म के जरिए भारत का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है।’’ भारत की ओर से ऑस्कर पुरस्कार के लिए भेजने के लिए कुल 33 फिल्मों पर विचार किया गया और अंत: ‘गोंधल’ को चुना गया। भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक रूप से भेजी जाने वाली संभावित फिल्मों की सूची में ‘धुरंधर’, ‘बॉर्डर 2’, ‘पेद्दी’, ‘मैं वापस आऊंगा’, ‘इक्कीस’, ‘हक’, ‘गवर्नर’, ‘हनुमान अंश’, ‘तीघी’, ‘बालन द बॉय’, ‘दोरोथी’, ‘शेप ऑफ मोमो’ और ‘अंग’ शामिल थे।
ग्रामीण महाराष्ट्र के पारंपरिक अनुष्ठान ‘गोंधल’ की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक नवविवाहित जोड़े के इर्दगिर्द घूमती है, जिसमें संगीत, नृत्य और पौराणिक कथाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। ग्रामीण महाराष्ट्र में होने वाले पारंपरिक गोंधल नृत्य के मध्यरात्रि के उत्सव की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म सुमन नामक महिला की कहानी है, जो अपनी मर्जी के खिलाफ हुई शादी से बेहद घुटन महसूस करती है। वह अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या और भागने की साजिश रचती है।
निर्देशक डावखर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय फिल्मों को लेकर केवल गरीबी और जातिवाद पर आधारित होने की धारणा है। मुझे लगा मुझे एक ऐसी फिल्म बनानी है जो हमारी विरासत का प्रतिनिधित्व करे और ‘गोंधल’ भारत की इसी विविध संस्कृति और विरासत का प्रतिनिधित्व करती है। इस फिल्म में किशोर कदम और सुरेश विश्वकर्मा जैसे प्रशंसित अभिनेताओं के साथ इशिता देशमुख और निषाद भोईर जैसे नए कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म का संगीत दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है। डावखर ने बताया कि वह 14 मार्च 2027 को होने वाले ऑस्कर पुरस्कार वितरण समारोह से पहले अमेरिका में एक व्यापक प्रचार अभियान शुरू करने पर विचार कर रहे हैं।
Today only at Prabhasakshi
News Source Press Trust OF India



