राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए भारत के आर्थिक और रणनीतिक भविष्य को लेकर एक ऐतिहासिक खाका पेश किया है. मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को संबोधित करते हुए एनएसए डोभाल ने कहा कि भारत एक बड़े परिवर्तनकारी दौर से गुजर रहा है और अगले 20 वर्षों में देश की जीडीपी वर्तमान 4.015 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 38 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अमृत काल’ के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में हो रहे बुनियादी और नीतिगत बदलाव भारत को एक भव्य और सामर्थ्यवान भविष्य की ओर ले जा रहे हैं.

9 गुना का इजाफा
नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर अजीत डोभाल ने शनिवार को कहा कि अगले 20 सालों में भारत की GDP मौजूदा 4.015 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 38 ट्रिलियन डॉलर हो जाएगी. इसका मतलब है कि अगले 20 साल में देश की इकोनॉमी में 9 गुना से ज्यादा का इजाफा देखने को मिलेगा. IIT रुड़की के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए डोभाल ने कहा कि छात्र किस्मत वाले हैं कि वे ऐसे बदलाव वाले दौर में जी रहे हैं जहाँ उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है. भगवान राम का उदाहरण देते हुए NSA ने छात्रों से अपनी ज़िंदगी में हिम्मत दिखाने को कहा. उन्होंने कहा कि ऋषि विश्वामित्र ने राक्षसों का नाश करने के लिए भगवान राम को उनके साहसी स्वभाव की वजह से ही चुना था.
शेरपा से सीखे थे कामयाबी के तीन मंत्र
NSA ने कहा कि भारत में बड़े बदलाव हो रहे हैं और देश एक शानदार भविष्य की ओर बढ़ रहा है. डोभाल ने आगे कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक के समय को ‘अमृत काल’ कहा है, यह सचमुच एक अद्भुत अमृत काल है. भारत की मौजूदा GDP 4.015 ट्रिलियन डॉलर है और अगले 20 सालों में यह 38 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगी. डोभाल ने सिक्किम में अपनी शुरुआती नौकरी के दिनों का एक किस्सा भी सुनाया कि कैसे उन्होंने एक शेरपा से जिदगी में कामयाबी के तीन मंत्र सीखे थे. डोभाल ने बताया कि पहला मंत्र है यह जानना कि आप नक्शे पर कहां खड़े हैं, दूसरा है यह जानना कि आपको कहां जाना है, और तीसरा है वहां जाने और वापस आने का रास्ता जानना.



