TrendingUttar Pradesh

​अमेठी में छात्र पर जानलेवा हमला : स्कार्पियो रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

​अमेठी में छात्र पर जानलेवा हमला : स्कार्पियो रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

अमेठी, अमृत विचार। अमेठी शहर में शनिवार शाम छात्र पर जानलेवा हमले से सनसनी फैल गई। लखनऊ से लौट रहे छात्र की स्कार्पियो का पीछा कर रहे स्विफ्ट डिजायर सवार युवकों ने शगुन ऑटोमोबाइल के पास गाड़ी के सामने अपना वाहन लगाकर उसे रोक लिया। छात्र का आरोप है कि कार से उतरे चार लोगों ने असलहा निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। एक गोली स्कार्पियो का शीशा तोड़ते हुए उसके कान के पास से निकल गई। छात्र ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।  

मुंशीगंज थाना क्षेत्र के बंदोइया गांव निवासी यश तिवारी ने कोतवाली अमेठी पुलिस को दी तहरीर में सूरज सोनी, शुभम गुप्ता उर्फ शाकाल, शिवपूजन चौरसिया उर्फ शेखू समेत एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया है। यश के मुताबिक, शनिवार को वह लखनऊ से स्कार्पियो संख्या यूपी36डी 5454 से अमेठी लौट रहा था। करीब 4:50 बजे शगुन ऑटोमोबाइल के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर ने उसकी गाड़ी को घेर लिया।

आरोप है कि वाहन रुकते ही चारों युवक असलहे लेकर उतरे और सीधे फायरिंग शुरू कर दी। गोली गाड़ी का शीशा चीरते हुए उसके कान के बगल से निकल गई। इसके बाद यश जान बचाने के लिए शोर मचाते हुए भागा। तहरीर के अनुसार, सूरज सोनी असलहा लहराते हुए हवाई फायर करता उसके पीछे दौड़ा और जान से मारने की धमकी दी।

बाईपास तक पीछा, बालबाल बचा दूसरा छात्र

इसी दौरान स्कार्पियो चला रहा आदर्श तिवारी आरोपियों से बचने के लिए बाईपास होते हुए गौरीगंज की ओर भागा। आरोप है कि हमलावरों ने उसका भी पीछा किया, लेकिन गाड़ी पकड़ में नहीं आने पर वापस लौट गए। आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। यश ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों से उसे और उसके परिवार को जानमाल का खतरा है। उसने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप

मामले में परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई में देरी की गई। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। 

तीनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर, एक रह चुका है जिला बदर

घटना में शामिल सूरज सोनी पुत्र शिव कुमार सोनी अमेठी कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। वह पूर्व में जिला बदर भी रह चुका है। वहीं शिवपूजन चौरसिया उर्फ शेखू पुत्र कामता प्रसाद चौरसिया और शुभम गुप्ता उर्फ शाकाल भी अमेठी कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं। तीनों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एडिशनल एसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बताया कि घटनास्थल और वाहन की जांच के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा

 

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply