सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के ऑफर पर पूर्व एमएलसी एवं पूर्वांचल के बाहुबली बृजेश सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर अपने समाज के बड़े नेता है. वो यदि उन्हें अपनी पार्टी से लड़ाना चाहते हैं तो यह अच्छी बात है. हालांकि अभी इस संबंध में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा. उन्होंने कहा कि अभी तक वह खुद ही तय नहीं पाए हैं कि किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे.

उन्होंने इस ऑफर के लिए ओमप्रकाश राजभर का आभार प्रकट किया है. इस दौरान बृजेश सिंह ने क्षत्रिय कुल भूषण राणा सांगा, जौहर पर मनु स्मृति पर बोलने वालों पर करारा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि इन विषयों पर वो लोग बोल रहे हैं, जिन्हें इतिहास का ज्ञान ही नहीं. उन्होंने कहा कि यदि मनु स्मृति में आपको कुछ गलत लग रह रहा है तो उसे छोड़ दीजिए, जो अच्छा है, कम से कम उसे तो अपनाइए. लेकिन जिस इतिहास की आपको समझ ही नहीं, उसी के बहाने आप समाज को बांटने में लगे हैं.
सीएम योगी की सराहना
उन्होंने कहा कि एक समय वह भी था, जब मुगलसराय स्टेशन पर उतरकर पैदल चलते हुए सुरक्षित घर पहुंचना मुश्किल था. अब उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है और इस सरकार में हर आदमी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है. उन्होंने आगामी चुनावों में जेनजी को लेकर कहा कि ‘ जिस ओर जवानी चलती है उस ओर जमाना चलता है.’ बृजेश सिंह के मुताबिक जेनज़ी और यूथ का जमाना है और यही आने वाली पॉलिटिक्स तय करेंगे. लेकिन इनको भी अनुभव का साथ लेना होगा.
इन सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं बृजेश
बाहुबली बृजेश सिंह आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में पूरी तरह जुट गए हैं. उन्होंने खुद तो खुलासा नहीं किया, लेकिन माना जा रहा है कि उनकी नजर चंदौली जिले की सैयद राजा और भदोही जिले की ज्ञानपुर विधानसभा सीट पर है. बृजेश सिंह और एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह के बेटे सिद्धार्थ भी खुलकर राजनीति में उतर चुके हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव लड़ने से मना किया. कहा कि इस बार तो वह अपने पिता को विधानसभा पहुंचाने में मदद कर रहे हैं. चुनाव लड़ने के बारे में अगली बार सोचेंगे.
सीएम योगी को बताया आदर्श
सिद्धार्थ ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ उनके आदर्श हैं. उन्होंने कास्ट पॉलिटिक्स से ऊपर उठकर सबके लिए काम किया है. ये यूथ पॉलिटिक्स का ज़माना है, जेन ज़ी का दौर चल रहा है और इस दौर में कास्ट पॉलिटिक्स के लिए कोई जगह नहीं है. वहीं सिद्धार्थ को लेकर बृजेश सिंह ने कहा कि वह समाज में काम कर रहे हैं. जहां उनके अनुभव की जरूरत होती है तो शेयर करते हैं.



