Barabanki News:उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार शाम दर्दनाक हादसे में तीन बालकों की डूबने से मौत हो गई. कुर्सी थाना क्षेत्र के बैना गांव के बाहर निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर में मिट्टी निकालने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भरा था. गांव के कुछ बच्चे यहां नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान तीन बालक गहरे पानी में चले गए और डूब गए. हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई.

मृतकों की पहचान देवा , सुमित और दिव्यांश के रूप में हुई है. पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों के शव बरामद कर लिए गए. घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. एक साथ तीन बच्चों की मौत से बैना गांव में मातम पसरा हुआ है.
नहाने के दौरान गहरे पानी में गए
बताया गया कि बैना गांव के बाहर एक फैक्ट्री का निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण के दौरान परिसर में मिट्टी निकालने के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था. पिछले दिनों हुई बारिश के बाद इस गड्ढे में काफी पानी भर गया था. रविवार शाम करीब चार बजे गांव के कुछ बच्चे गड्ढे में जमा पानी में नहाने के लिए पहुंचे. इसी दौरान देवा, सुमित और दिव्यांश गहरे पानी में चले गए. कुछ ही देर में तीनों डूबने लगे. उन्हें डूबता देखकर साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
दो बच्चों को अस्पताल ले गए ग्रामीण
बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने देवा और सुमित को पानी से बाहर निकाला. दोनों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. उधर, तीसरे बालक दिव्यांश का काफी तलाश के बावजूद पता नहीं चल सका. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.
अंधेरा होने पर लाइट लगाकर चला रेस्क्यू
सूचना मिलते ही कुर्सी थाना पुलिस स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची. गड्ढा काफी गहरा होने और अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान में दिक्कत आई. पुलिस और ग्रामीणों ने लाइट की व्यवस्था कर गोताखोरों की मदद से पानी में तलाश शुरू कराई. काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने दिव्यांश का शव भी बरामद कर लिया. इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
हादसे की सूचना मिलने पर फतेहपुर के एसडीएम कार्तिकेय सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. वहीं, तीन मासूमों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.



