
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरियावन गांव में कन्या इंटर कॉलेज के पास रविवार देर रात करीब 100 लोगों के साथ पहुंचे दबंगों ने तीन जेसीबी लगाकर सड़क किनारे बनीं लगभग 17 पक्की दुकानों और घर को ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में दहशत फैल गई।
बता दें कि रात करीब 11 बजे के बाद नकाबपोश लोग तीन जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद सड़क के दोनों ओर रास्ता अवरुद्ध कर दुकानों और घरों को गिराने का काम शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक घंटे तक जेसीबी चलती रही। इस दौरान किसी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई।
घटना के बाद डरेसहमे ग्रामीणों ने सुबह पुलिस को सूचना दी। सूचना पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, तहसीलदार दिव्या भारती, सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी और कोतवाल संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ितो से जानकारी हासिल किया। फिलहाल दुकानों को ध्वस्त करने वालों के नाम सामने नहीं आए हैं।
20 साल पुरानी बताई जा रही हैं दुकानें
पीड़ितों के अनुसार ध्वस्त की गईं दुकानें और घर करीब 20 वर्ष पहले बने थे। जिसमें चंद्रदेव, जयराम, कमलेश, राजेश और विपिन समेत अन्य लोग कारोबार कर रहे थे। प्रशासनिक जांच में प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि दुकानें जिस जमीन पर बनी थीं, उसे बंजर भूमि बताया जा रहा है। दुकानों के पीछे स्थित खतौनी की जमीन रामनाथ उर्फ राम प्रसाद की बताई गई है। राजस्व विभाग के अनुसार रामनाथ उर्फ राम प्रसाद ने अपनी करीब 16 बिस्वा जमीन टांडा निवासी इंद्रजीत वर्मा को बेची है। बताया जा रहा है कि इंद्रजीत वर्मा जमीन की प्लाटिंग का काम करता है। घटना के बाद राजस्व और पुलिस विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति शांत है और क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है। दुकानों को किसके आदेश पर और किन परिस्थितियों में ध्वस्त किया गया, इसकी जांच की जा रही है।
ः



