
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित एप्पल के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड में दोषी सिपाही की सजा का ऐलान कोर्ट ने कर दिया है। लखनऊ जिला एवं सत्र न्यायालय ने दोषी बर्खास्त सिपाही प्रशांत चौधरी को 10 साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने सजा सुनाने से पहले सोमवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। इससे पहले कोर्ट ने बीते गुरुवार को प्रशांत को हत्या के बजाय गैरइरादतन हत्या का दोषी माना था, जबकि दूसरे आरोपी सिपाही संदीप कुमार को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया था।
दरअसल, कोर्ट ने 21 सितंबर को प्रशांत चौधरी की सजा सुनाने को कहा था । बता दें कि एप्पल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की 28 सितंबर 2018 की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में प्रशांत चौधरी और संदीप कुमार आरोपी बनाए गए थे।
क्या थी वारदात?
बता दे कि एप्पल के एरिया सेल्स मैनेजर की हत्या का मामला सामने आया था। 29 सितंबर 2018 की देर रात विवेक तिवारी अपनी सहकर्मी सना खान के साथ कार से लौट रहे थे। गोमतीनगर एक्सटेंशन में मकदूमपुर पुलिस चौकी के पास सिपाही प्रशांत चौधरी और संदीप कुमार ने उन्हें कार रोकने का इशारा किया। विवेक तिवारी ने कार नहीं रोकी। पुलिस की ओर से दावा किया गया कि सिपाहियों को टक्कर मारने की कोशिश की गई। इसी दौरान सिपाही प्रशांत तिवारी ने कार ड्राइवर पर गोली चला दी। गोली विवेक तिवारी को लगी। उन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद सना खान की तहरीर पर गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर निलंबित किया गया।


