
सीतापुर, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में नवजात शिशु की मौत के बाद शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जवाबदेही की मांग शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि इलाज के नाम पर उनसे रुपये मांगे गए और पैसे देने में असमर्थता जताने पर उन्हें नवजात से मिलने तक नहीं दिया गया।
इतना ही नहीं, परिजनों ने बच्चा बदले जाने की आशंका भी जताई है। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस अस्पताल पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
18 सितंबर को प्रसव के लिए कराया था भर्ती
शहर कोतवाली क्षेत्र के सिटी स्टेशन स्थित सरदार कॉलोनी निवासी जमीला पत्नी जलील के मुताबिक, परिवार की बहू को 18 सितंबर को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद जन्मे बालक की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे नवजात गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कर लिया। परिजनों का आरोप है कि नवजात के इलाज के नाम पर अस्पताल के कर्मचारियों ने उनसे पांच हजार रुपये की मांग की। आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए जब उन्होंने रुपये देने में असमर्थता जताई तो कथित तौर पर उन्हें बच्चे से मिलने और उसे दूध पिलाने की अनुमति नहीं दी गई।
कई घंटे बाद मिली मौत की खबर
परिजनों के मुताबिक, कई घंटे तक उन्हें नवजात से दूर रखा गया। इसके बाद उन्हें बच्चे की मौत की जानकारी दी गई। यह खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा देकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी नगर दिनेश प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नवजात की मौत और लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और साफ हो सकेगी।
ये भी पढ़ें :



