महिंद्रा एंड महिंद्रा अपनी लोकप्रिय ऑफरोड SUV थार का फेसलिफ्ट मॉडल भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी नई थार को 22 सितंबर 2026 को लॉन्च कर सकती है. दूसरी जनरेशन में लॉन्च होने के बाद से ही महिंद्रा थार को भारत में काफी पसंद किया जाता है. इसकी लोकप्रियता को देखते हुए कंपनी ने अलगअलग वेरिएंट पेश किए हैं. इसके अलावा, बड़े साइज में 5डोर थार रॉक्स भी बाजार में उतारी गई है.

अब कंपनी 3डोर थार को नया अपडेट देने जा रही है. नई थार फेसलिफ्ट में डिजाइन, तकनीक और केबिन कंफर्ट से जुड़े कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, इसके मौजूदा इंजन और मैकेनिकल सेटअप में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. आइए जानते हैं नई थार में कौन से 5 बड़े बदलाव मिल सकते हैं.
1. नई ग्रिल के साथ Thar लोगो
नई महिंद्रा थार फेसलिफ्ट में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट डिजाइन में देखने को मिल सकता है. इसमें नई 5स्लैट ग्रिल दी जा सकती है, जिसके डिजाइन में खास Thar लोगो शामिल होने की उम्मीद है. नई ग्रिल का डिजाइन महिंद्रा थार रॉक्स से प्रेरित हो सकता है. इससे SUV को नया और मॉडर्न लुक मिलेगा, जबकि इसका मजबूत और रफटफ डिजाइन बरकरार रह सकता है.
2. नए डिजाइन के अलॉय व्हील
महिंद्रा नई थार में नए डिजाइन के अलॉय व्हील भी दे सकती है. कंपनी के टीजर और सामने आई स्पाई तस्वीरों से इस बदलाव के संकेत मिलते हैं. ज्यादातर वेरिएंट में व्हील का साइज पहले जैसा रहने की उम्मीद है. हालांकि, नए डिजाइन के अलॉय व्हील से एसयूवी का साइड प्रोफाइल ज्यादा अट्रैक्टिव दिख सकता है.
3. Thar Roxx जैसी नई लाइटिंग
नई थार फेसलिफ्ट में थार रॉक्स से इंस्पायर्ड लाइटिंग डिजाइन देखने को मिल सकता है. इसमें अपडेटेड LED हेडलैंप, नए डेटाइम रनिंग लैंप और बदले हुए टेललैंप शामिल हो सकते हैं. इन बदलावों से 3डोर थार को महिंद्रा के नए SUV डिजाइन के करीब लाने में मदद मिलेगी. साथ ही, सड़क पर इसका लुक पहले से अलग नजर आ सकता है.
4. पहले से ज्यादा नए फीचर्स
महिंद्रा थार को अब तक ऑफरोड कैपेसिटी और दमदार डिजाइन के लिए जाना जाता है. फेसलिफ्ट मॉडल में कंपनी रोजाना इस्तेमाल को आसान बनाने वाले कई फीचर्स जोड़ सकती है. इसमें 360 डिग्री कैमरा, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल हैं. खासतौर पर शहरों में थार चलाने वाले ग्राहकों के लिए ये फीचर्स प्रैक्टिल हो सकते हैं.
5. वेंटिलेटेड सीट्स के साथ प्रीमियम केबिन
नई थार के इंटीरियर में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. इसमें लेदरेट सीट्स और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स दिए जाने की उम्मीद है. वेंटिलेटेड सीट्स गर्म मौसम में ड्राइविंग के दौरान आराम बढ़ाने में मदद कर सकती हैं. इसके अलावा, नई सीटों में बेहतर सपोर्ट और बोल्स्टरिंग मिलने की उम्मीद है. इससे लंबे सफर के दौरान ड्राइवर और आगे बैठने वाले यात्री को ज्यादा आराम मिल सकता है.



