
सीतापुर, अमृत विचार: सीतापुर के थानगांव क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तारी के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
बच्ची की हालत गंभीर, लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया
मामला थानगांव क्षेत्र के एक गांव का है। आरोप है कि सदरपुर थाना क्षेत्र के सद्दूपुर महरिया गांव निवासी अवधराम उर्फ भोले शंकर ने छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर बताई गई। उसे उपचार के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
एसपी के निर्देश पर रातभर चला तलाशी अभियान
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर आरोपी की तलाश में रातभर अभियान चलाया गया। सुबह सीओ अमन सिंह के नेतृत्व में थानगांव पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी अवधराम उर्फ भोले शंकर के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
12 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का दावा
सीओ अमन सिंह ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को चिकित्सकीय उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
ः



