
सीतापुर। महमूदाबाद कस्बे के मोहल्ला शेरापुर में गायत्री मंदिर चक मार्ग के पास मंगलवार को सड़क किनारे करीब 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मोहल्ला बेहटा छावनी निवासी मोहम्मद शादाब के रूप में की। परिजनों ने युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क किनारे पड़ा मिला शव
इलाके के लोगों ने गायत्री मंदिर चक मार्ग के पास सड़क किनारे युवक का शव देखा और इसकी जानकारी पुलिस व आसपास के लोगों को दी। सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मोहम्मद शादाब के रूप में की।
मृतक के भाई अलताब पुत्र समी अहमद के मुताबिक, शादाब पिछले कुछ वर्षों से मोहल्ला शेरापुर में एक युवती के साथ किराये के मकान में रह रहा था।
परिजनों ने युवती से जुड़े कुछ लोगों के साथ शादाब की मौत के संबंध में आशंका जताई है। हालांकि, इन आशंकाओं की अभी पुलिस जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होने की बात कही गई है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही कोतवाल सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां टीम ने जरूरी नमूने और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और कारण अधिक स्पष्ट हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि मृतक के खिलाफ पूर्व में कुछ अभियोग दर्ज होने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
CCTV फुटेज और फोन कॉल की जांच
मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस उस रास्ते के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जहां से युवक के गुजरने की जानकारी मिली है।
इसके साथ ही पुलिस मृतक युवक और उसके करीबियों के फोन कॉल रिकॉर्ड से भी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ः

