
IIT बॉम्बे में सेकंड ईयर के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के चार दिन बाद भी हंगामा जारी है। IIT बॉम्बे के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने मामले की परिस्थितियों की जांच के लिए 10 सदस्यीय हाई-लेवल कमेटी गठित की है। कमेटी में छात्र प्रतिनिधियों के साथ एक पूर्व विजिलेंस अधिकारी को भी शामिल किया गया है। बोर्ड ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को भी छुट्टी पर भेज दिया है। आपको बता दें कि डुल्ला पर छात्र की मौत के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। कमेटी को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
कौन हैं कमेटी के अध्यक्ष?
एक सूत्र के मुताबिक, रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। बोर्ड ने छात्रों की ओर से रखी गई मांगों पर भी विचार किया और सूत्रों के मुताबिक, इस्तीफे की मांग को छोड़कर अधिकांश मांगों पर सहमति जताई है। कमेटी की अध्यक्षता IIT पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटेश्वरन करेंगे। IIT बॉम्बे से प्रोफेसर के. नारायणन, प्रोफेसर संदीप कुमार साहा और प्रोफेसर दीप्ति कालसी को शामिल किया गया है। कमेटी में तीन छात्र भी हैं। हॉस्टल अफेयर्स के जनरल सेक्रेटरी आदित्य जोशी, स्टूडेंट मेंटर प्रोग्राम के ओवरऑल कोऑर्डिनेटर देव अरोड़ा और रिसर्च स्कॉलर देवी लाल। इसके अलावा एक रिटायर्ड IAS अधिकारी समेत अन्य सदस्य भी कमेटी का हिस्सा हैं।
प्रोफेसर दुल्ला छुट्टी पर भेजे गए
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। आईआईटी बॉम्बे मैनेजमेंट ने पूरे मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय पैनल का गठन किया है। यह पैनल मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगा और एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट मैनेजमेंट को सौंपेगा। वहीं, मैनेजमेंट ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को छुट्टी पर भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच जल्द ही प्रोफेसर दुल्ला को समन कर सकती है और उनका बयान दर्ज कर सकती है। इससे पहले कल क्राइम ब्रांच ने पीएचडी छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता का बयान दर्ज किया था। बता दें कि छात्र के माता-पिता का आरोप है कि उनके बेटे को टारगेट किया जा रहा था।
कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग
दूसरी तरफ, इस मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हैं। आज शाम चार बजे के बाद सुजाता अंबेडकर आईआईटी बॉम्बे पहुंचेंगी और छात्रों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगी। कांग्रेस की तरफ से इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की जा रही है। वहीं सरकार का कहना है कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच सक्षम है और मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है।
5 साल में 23 IIT में 45 छात्रों ने की खुदकुशी, हैदराबाद में सबसे ज्यादा 7 मामले



