
मुजफ्फरपुर में इस हैवान ने छात्रा से उस वक्त हैवानियत की जब वो मैदान से दौड़ कर अपने घर लौट रही थी। सरेराह छेड़खानी से लड़की घबरा गई और उसने इसका विरोध भी किया। बाद में इस राक्षस ने घर में घुसकर छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया।
जुमई कांड ने बिहार समेत पूरे देश को हिला कर रख दिया है। एक नाबालिग छा्त्रा के साथ सड़क पर हैवानियत का वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। अब बिहार के ही मुजफ्फरपुर जिले में एक छात्रा के साथ इसी तरह की हैवानियत हुई है। यहां मोतीपुर में सिपाही भर्ती की तैयारी कर रही छात्रा को शोहदे ने छेड़खानी का विरोध करने पर मंगलवार को चाकू मारकर जख्मी कर दिया। छात्रा के सिर पर जख्म आया है। इसको लेकर छात्रा ने मोतीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद आरोपित फरार बताया जा रहा है।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह मोतीपुर मैदान से दौड़कर वापस घर लौट रही थी। रास्ते में दरिया छपरा पोखर के पास आरोपित रवि कुमार छेड़खानी करने लगा। उसने कहा कि बातचीत बंद करने पर हत्या कर देंगे। उसने दुष्कर्म की भी धमकी दी। वह डरते हुए घर आई। इसके बाद घर आकर उसने चाकू से सिर पर वार कर दिया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
ब्लेड से हमले का आरोपी अब तक फरार
इधर मुजफ्फरपुर के ही बरुराज थाना की चोरबन पुलिया के पास साइकिल से स्कूल जा रहीं छात्राओं को बाइक सवार युवक द्वारा जख्मी करने के मामले में दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस अत्यधिक सक्रिय रही। सुबह 10 बजे दोनों छात्राओं को पूछताछ के लिए पुलिस घर से ले गई। इस दौरान पीड़िता के दरवाजे पर चौकीदार की ड्यूटी लगा दी गई। दोपहर बाद करीब तीन बजे दोनों छात्राओं को छुटकारा मिला। हालांकि, इस कांड का आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर है।
पुलिस ने दावा किया कि छात्रा को बाइक सवार एक युवक ने चाकू नहीं, ब्लेड से मारकर जख्मी किया था। पुलिस ने छात्राओं से छेड़खानी होने से भी इंकार किया। हालांकि, एफआईआर में छेड़खानी को लेकर बीएनएस की धारा 74 लगाई गई है। सीएचसी के चिकित्सक ने बताया कि एक छात्रा के बांह का जख्म ज्यादा गहरा था। उसके बांह में छह टांके लगाए गए। दूसरी छात्रा का जख्म ज्यादा गहरा नहीं था।
चिकित्सक ने छात्राओं को धारदार हथियार से जख्म आने की बात बताई है। राह चलती छात्राओं पर अचानक बाइक सवार ने हमला क्यों किया, घटना के दूसरे दिन भी पुलिस इसका कारण ही तलाशती रही। परिजनों ने किसी से दुश्मनी की बात भी नहीं बताई है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा मामले की जांच के लिए मंगलवार को खुद बरुराज पहुंचे। उन्होंने दोनों छात्राओं से घटना के संबंध में जानकारी ली। घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िताओं के गांव भी पहुंचे।
इधर, जख्मी छात्रा ने बताया कि बाइक सवार उसे देखते हुए निकला। वह एक हाथ से बाइक का हैंडल पकड़े हुए था और दूसरा हाथ अपनी जांघ पर रखे हुए था। फिर पीछे से आकर हमला किया। वह कुछ समझ पाती तब तक बाइक सवार निकल गया। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जिस पुलिया के पास दोनों छात्राओं को ब्लेड मारा गया, वहां पर अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार आपराधिक वारदात हो चुकी है।



