
प्रतापगढ़, अमृत विचार : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लेखपालों ने तहसीलों में बस्ता जमा कर विरोध प्रदर्शन किया। लेखपालों ने अतिरिक्त सर्किल के चार्ज से त्यागपत्र दे दिया और कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, एक वेतनएक हल्का के सिद्धांत पर ही काम करेंगे। प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर सदर तहसील में जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह और सदर तहसील अध्यक्ष सचिन यादव की अगुवाई में लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्र का बस्ता जमा किया।
जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि लेखपाल लंबे समय से 2800 ग्रेड पे, अंतरमंडलीय स्थानांतरण, लेखपाल पद को तकनीकी घोषित करने और यात्रा भत्ता की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे आक्रोश है। अतिरिक्त हल्कों का बोझ पड़ने से नियमित कार्य प्रभावित हो रहा है।
संघ ने निर्णय लिया है कि सकारात्मक निर्णय होने तक अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार नहीं संभाला जाएगा। इस दौरान तहसील मंत्री विकास यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेश पांडेय, विपिन पटेल,हरिश्चंद्र,गया प्रसाद, अंकित,लाल बहादुर,प्रशांत, राज कमल पांडेय,बलराम समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।


