
बाराबंकी। देवा स्थित हाजी वारिस अली शाह की दरगाह पर दर्शन करने के बाद घर लौट रहे गाजीपुर निवासी एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह अपनी पत्नी के साथ बाराबंकी रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। रेलवे पुल पर चढ़ते समय अचानक गिरने के बाद वह अचेत हो गए। जीआरपी ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पत्नी के साथ दरगाह पर दर्शन करने आए थे
जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय सुभाष चंद्र गुप्ता अपनी पत्नी केशमती के साथ बाराबंकी आए थे। दोनों गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। दंपती ने देवा स्थित हाजी वारिस अली शाह बाबा की दरगाह पर दर्शन किए और वहां काफी देर तक रुके।
इसके बाद दोनों बाराबंकी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्हें रात 8 बजकर 50 मिनट पर ट्रेन नंबर 15084 छपराफर्रुखाबाद एक्सप्रेस से घर लौटना था।
रेलवे पुल पर अचानक गिरकर हुए अचेत
ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे पुल पर चढ़ते समय अचानक सुभाष चंद्र गुप्ता गिर पड़े और अचेत हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें बाराबंकी जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुभाष चंद्र गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से उनकी पत्नी केशमती का रोरोकर बुरा हाल हो गया। जीआरपी ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ः



