CrimeIndia

​Delhi Crime News: 1994 में 2 साध्वियों की हत्या, 32 साल बाद पकड़ा गया आरोपी; मंगोलपुरी की फैक्ट्री में छिपा था

Delhi News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 1994 में दो साध्वियों की हत्या और आश्रम में डकैती के मामले में करीब 32 साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान ललित के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और दिल्ली के मंगोलपुरी फेज2 में एक फैक्ट्री में पैकेजिंग मजदूर के तौर पर काम कर रहा था. पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से अपनी पहचान और ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था.

​Delhi Crime News: 1994 में 2 साध्वियों की हत्या, 32 साल बाद पकड़ा गया आरोपी; मंगोलपुरी की फैक्ट्री में छिपा था

आश्रम में 2 साध्वियों की हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, वर्ष 1994 में शकरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक आध्यात्मिक आश्रम में दो साध्वियों की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. आरोप है कि वारदात के बाद बदमाशों ने आश्रम से नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान लूट लिया था. इस मामले में ललित भी मुख्य आरोपियों में शामिल था. पुलिस का दावा है कि ललित ने दोनों साध्वियों का गला दबाने में आरोपियों का साथ दिया था. इसके बाद लूटे गए सामान में उसे नकदी और गहनों का हिस्सा भी मिला था.

3 आरोपी पहले ही पकड़े गए थे

इस मामले में पुलिस ने सुनील कुमार, दिलीप राम और सुशील को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि, ललित पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरार हो गया. 26 अक्टूबर 1995 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था. इसके बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी.

बिहार से दिल्ली पहुंचा, फैक्ट्री में करने लगा काम

जांच में सामने आया कि ललित वर्ष 2000 तक बिहार में अलगअलग जगहों पर काम करता रहा. इसके बाद वह दिल्ली आ गया. यहां उसने कई फैक्ट्रियों में पैकेजिंग मजदूर के तौर पर काम किया. पुलिस के मुताबिक, वह अपनी पुरानी जिंदगी को छिपाकर सामान्य तरीके से रह रहा था. ललित लंबे समय तक एक ही नाम का इस्तेमाल करता रहा, लेकिन वह लगातार अपना काम और ठिकाना बदलता रहा. इससे पुलिस के लिए उसे तलाशना मुश्किल हो गया.

मंगोलपुरी की फैक्ट्री से हुई गिरफ्तारी

क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज को हाल ही में सूचना मिली कि ललित मंगोलपुरी फेज2 में रह रहा है और एक फैक्ट्री में काम कर रहा है. टीम ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई. सूचना की पुष्टि के बाद फैक्ट्री में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान भी सत्यापित की. गिरफ्तारी की सूचना शकरपुर थाना पुलिस को दे दी गई है. क्राइम ब्रांच के मुताबिक, ललित दिल्ली में पहले घरेलू सहायक के तौर पर आया था और इसी दौरान उसकी मुलाकात मामले के अन्य आरोपियों से हुई थी. मामले में आगे की जांच जारी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply