IndiaTrending

‘6 साल की बच्ची का कमाल! महज 3 दिन में दो बार तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड; देखें VIDEO

‘6 साल की बच्ची का कमाल! महज 3 दिन में दो बार तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड; देखें VIDEO

चीन की 6 वर्षीय लियान युनझी ने मात्र 4.27 सेकंड में रूबिक क्यूब सॉल्व कर महिलाओं का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है. जानिए इस नन्हीं स्पीडक्यूबर की अनोखी कहानी.

क्या आपको याद है कि जब आपने पहली बार रूबिक क्यूब उठाया था, तो उसे सॉल्व करने में आपको कितने घंटे या दिन लगे थे? शायद हफ्तों की माथापच्ची के बाद भी रंग सही नहीं हुए होंगे. लेकिन जरा सोचिए कि मात्र 6 साल की एक छोटी सी बच्ची महज कुछ ही सेकंड में इसे चुटकियों में सॉल्व कर दे तो आपका रिएक्शन क्या होगा? जी हां, चीन की रहने वाली छह साल की स्पीडक्यूबर लियान युनझी (Lian Yunzhi) ने दुनिया भर के दिग्गजों को हैरान कर दिया है. इस छोटी सी उम्र में इस जादुई बच्ची ने जो कर दिखाया है, उसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है.

तीन दिन में दो बार रचा इतिहास

चीन की इस नन्ही बच्ची ने गजब की स्पीड और अपनी उंगलियों के जादू से वुहान और ग्वांगझू में आयोजित वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन (WCA) की आधिकारिक प्रतियोगिताओं में तहलका मचा दिया. लियान ने महज तीन दिनों के भीतर महिलाओं के 3×3 रूबिक क्यूब का औसत विश्व रिकॉर्ड दो बार तोड़ा है. पहले उन्होंने वुहान में 4.52 सेकंड का औसत समय दर्ज किया और इसके ठीक तीन दिन बाद ग्वांगझू में इससे भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4.27 सेकंड का नया और हैरान करने वाला कीर्तिमान स्थापित कर दिया.

इतिहास रचने वाली पहली महिला

वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन (WCA) के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी महिला प्रतियोगी ने 4.5 सेकंड से कम का औसत समय दर्ज किया हो. लियान युनझी अब आधिकारिक तौर पर 4.5 सेकंड से कम का औसत स्कोर बनाने वाली दुनिया की इतिहास की पहली महिला स्पीडक्यूबर बन गई हैं. इस अद्भुत उपलब्धि ने उन्हें रातों-रात सोशल मीडिया का नया सुपरहीरो बना दिया है और हर कोई उनके इस अचंभित कर देने वाले टैलेंट की तारीफ कर रहा है.

1,300 से अधिक एल्गोरिदम हैं जुबान पर याद

सिचुआन प्रांत के चेंगदू की रहने वाली लियान को प्यार से ‘झिझी’ भी कहा जाता है. मां के अनुसार, लियान रोजाना 2 से 3 घंटे पूरी शिद्दत के साथ अभ्यास करती हैं. उनकी सबसे बड़ी ताकत सिर्फ रैंडम कोशिश करना नहीं, बल्कि क्यूब के पैटर्न्स को सेकंड के सौवें हिस्से में पहचानकर 1,300 से अधिक एडवांस सॉल्विंग एल्गोरिदम को तुरंत लागू करना है.

यहां देखिए वीडियो

 

 

 
 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply