
लखनऊ, अमृत विचार। SIR को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रविवार को प्रेसवार्ता कर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्ष पर निर्वाचन आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी से जुड़े मतदाता सूची मामले का जिक्र करते हुए दावा किया कि फर्जी दस्तावेज के जरिए उनका वोट बनवाया गया। हालांकि, यह मामला फिलहाल न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में है।
पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष पिछले दो दिनों से लगातार एक संवैधानिक संस्था को बदनाम करने का काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के संयुक्त प्रेस नोट ने INDI गठबंधन की ओर से लगाए जा रहे आरोपों और भ्रम की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है।
SIR पर सभी फैसले सर्वसम्मति से
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों ने स्पष्ट किया है कि देशभर में संचालित SIR को लेकर सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए जाते हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग के स्पष्टीकरण का हवाला देते हुए विपक्ष के आरोपों को खारिज किया।
सोनिया गांधी के वोट को लेकर क्या बोले पंकज चौधरी?
प्रेसवार्ता में पंकज चौधरी ने सोनिया गांधी से जुड़े मतदाता सूची मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया, “सोनिया गांधी का फर्जी पेपर लगाकर वोट बनाया गया। विपक्ष को भारतवासियों से माफी मांगनी चाहिए।” यह पंकज चौधरी का आरोप है और संबंधित मामला न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में है।
EVM और सेना को लेकर भी विपक्ष पर निशाना
पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष EVM को दोष देता है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष सेना पर सवाल उठाने का काम करता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले विपक्ष को तथ्यों को देखना चाहिए।


